न काफिला, न तामझाम,ठेले पर बैठे डिप्टी सीएम, नारियल पानी पीते हुए भरत का पूछ लिया हाल, वीडियो वायरल

न काफिला, न तामझाम,ठेले पर बैठे डिप्टी सीएम, नारियल पानी पीते हुए भरत का पूछ लिया हाल, वीडियो वायरल

Brajesh Pathak Viral Video: नेताओं की गाड़ियों का काफिला देखकर लोग अक्सर किनारे हो जाते हैं, लेकिन कानपुर के गोविंद नगर में नजारा कुछ अलग था। यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक अचानक नारियल पानी के ठेले पर पहुंचे और वहीं बैठ गए। उन्होंने ठेले पर मौजूद भरत तिवारी से बातचीत की, उनका हालचाल पूछा और नारियल पानी का स्वाद भी लिया। इस दौरान हुई बातचीत का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

ठेले पर बैठे डिप्टी सीएम, नारियल पानी का लिया स्वाद

वायरल वीडियो में ब्रजेश पाठक गोविंद नगर में नारियल पानी के ठेले पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। सामने भरत तिवारी हैं और दोनों के बीच बातचीत चल रही है। कुछ देर तक बातचीत करने के बाद डिप्टी सीएम ने नारियल पानी भी पिया। इस दौरान किसी औपचारिक कार्यक्रम जैसा माहौल नजर नहीं आया, बल्कि बातचीत काफी सहज अंदाज में होती दिखी।वीडियो में डिप्टी सीएम की नजर भरत तिवारी के हाथ-पैर पर जाती है। वह उनसे पूछते सुनाई देते हैं, “हाथ में क्या चापड़ा लग गया था?” भरत तिवारी जवाब में हां कहते हैं।

चोट के बाद इंजेक्शन लगवाने की भी पूछी जानकारी

इसके बाद ब्रजेश पाठक भरत से पूछते हैं कि इंजेक्शन लगवा लिया था। भरत तिवारी के हां कहने पर वह बताते हैं कि सभी इंजेक्शन लगवा लिए हैं। बातचीत के अंत में डिप्टी सीएम उनसे कहते हुए नजर आते हैं कि दिक्कत या परेशानी हो तो बताना। चंद मिनट की इस बातचीत में डिप्टी सीएम का अंदाज लोगों का ध्यान खींचने वाला रहा। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस मुलाकात का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है।

किसी ने सराहा, किसी ने बताया राजनीतिक स्टंट

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं का सिलसिला शुरू हो गया। कुछ लोगों ने डिप्टी सीएम के इस अंदाज की सराहना की। लोगों ने कहा कि आम व्यक्ति के बीच बैठकर उसका हालचाल पूछना और उसकी परेशानी जानना सकारात्मक संदेश देता है।वहीं दूसरी ओर कुछ यूजर्स ने इस मुलाकात को लेकर सवाल भी उठाए। कुछ लोगों ने इसे राजनीतिक स्टंट बताते हुए टिप्पणी की कि चुनाव नजदीक आते ही नेताओं को गरीब और आम आदमी की याद आने लगती है। यानी एक ही वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर समर्थन और सवाल, दोनों तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *