रक्षा क्षेत्र के एक सार्वजनिक उपक्रम (पीएसयू) ने बृहस्पतिवार को आम लोगों के बाजार के लिए स्वदेशी ‘हाई-रिजॉल्यूशन’ दूरबीन गरुड़ लॉन्च की, जिसका ‘फील्ड ऑफ व्यू’ 7.6 डिग्री है। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड (आईओएल) की इकाई, आयुध कारखाना देहरादून द्वारा विकसित और निर्मित गरुड़ , स्वदेशी डिजाइन और निर्माण के जरिए आत्मनिर्भर भारत की भावना को दर्शाती है। मंत्रालय ने कहा कि यहां डीपीएसयू भवन में लॉन्च की गई गरुड़ दूरबीन, आम उपभोक्ताओं के लिए भरोसेमंद और उच्च गुणवत्ता वाली ‘ऑप्टिकल परफॉर्मेंस’ देने के लिए रक्षा-ग्रेड की साबित हो चुकी विशेषज्ञता और आधुनिक प्रौद्योगिकी का मेल है।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘ गरुड़ में 8 एक्स मैग्निफिकेशन (आवर्धन क्षमता) और 7.6 अंश का वाइड फील्ड ऑफ व्यू मिलता है, जिससे दूर की चीज़ों को साफ-साफ देखा जा सकता है और साथ ही देखने का दायरा भी बड़ा रहता है।’’ मंत्रालय ने बताया, ‘‘इस दूरबीन में अलग-अलग लोगों की नज़र के हिसाब से ±5 डायोप्टर एडजस्टमेंट, लंबे समय तक आराम से देखने के लिए नरम आईकप और सुरक्षित, आरामदायक ग्रिप की सुविधा है। इसका मौसम-रोधी (वेदर-रेसिस्टेंट) डिजाइन इसे अलग-अलग बाहरी स्थितियों में भरोसेमंद बनाता है।’’ लगभग 610 ग्राम वज़न वाली गरुड़ दूरबीन कॉम्पैक्ट डिज़ाइन में आसानी से ले जाने लायक और भरोसेमंद परफॉर्मेंस देती है। यह कई तरह के कामों के लिए उपयुक्त है, जैसे पक्षियों को देखना, वन्यजीवों को देखना, प्रकृति की खोज, यात्रा, खेल, वानिकी, समुद्री गतिविधियां आदि।
इसे भी पढ़ें: Festival Diet Plan: रक्षाबंधन से पहले 2 किलो वजन घटाने का Formula, डिनर में अपनाएं ये Healthy Habits
बयान में कहा गया है कि इस लॉन्च के साथ ही रक्षा उत्पादन विभाग के तहत आने वाली मिनी रत्न श्रेणी-I रक्षा पीएसयू, आईओएल ने आम लोगों के ऑप्टिक्स बाज़ार में कदम रखा है। इसमें कहा गया है कि यह उत्पाद एक ऐसे दूरबीन प्लेटफॉर्म पर आधारित है, जिसने मुश्किल अभियान संबंधी स्थितियों में रक्षा बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलोंके लिए एक भरोसेमंद साथी के तौर पर काम किया है। दूरबीन को जारी करने के कार्यक्रम में रक्षा उत्पादन विभाग, युवा मामले और खेल मंत्रालय, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और वाइल्डलाइफ सोसाइटी ऑफ इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ आईओएल के निदेशक मंडल के सदस्य और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।


