गोंडा जिले में एक विशालकाय अजगर ने घास चर रही एक बकरी को अपना शिकार बना लिया है जहां इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर है, जिसमें अजगर बकरी को जकड़े हुए दिख रहा है। वन विभाग ने घंटों की मशक्कत के बाद अजगर का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया है। यह घटना गुरुवार शाम करीब 6 बजे मेहनौन गांव के निकट कर्बला के पास हुई है। जानकारी के अनुसार, गांव की कुछ महिलाएं गांव से लगभग दो सौ मीटर दूर कर्बला के पास उगी झाड़ियों में बकरियां चरा रही थीं। इसी दौरान झाड़ी में चर रही एक बकरी को 6 फीट लंबे और 50 किलो वजनी अजगर ने कसकर दबोच लिया और उसे अपना निवाला बनाने की कोशिश करने लगा। चरवाहों ने जब अजगर को बकरी को घसीटते हुए देखा तो हड़कंप मच गया। गांव के लोग मौके पर जमा हो गए और अजगर के मुंह से बकरी को छुड़ाने का प्रयास करने लगे। हालांकि, कड़ी मशक्कत के बाद भी अजगर ने बकरी को नहीं छोड़ा और तब तक बकरी की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन रक्षक विकास शुक्ला ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग के वाचर विकास वर्मा और मनोज वर्मा को मौके पर भेजा गया। वाचरों ने ग्रामीणों की मदद से अजगर का रेस्क्यू किया और उसे एक बोरे में भरकर परास खाल के जंगलों में सुरक्षित छोड़ दिया। उन्होंने पुष्टि की कि अजगर के लपेटे में आने से ही बकरी की मौत हुई थी।


