अलवर में बदला मौसम, सुबह रिमझिम बारिश से मिली राहत:अगले 4 दिन गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान;बादल छाए

अलवर में बदला मौसम, सुबह रिमझिम बारिश से मिली राहत:अगले 4 दिन गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान;बादल छाए

अलवर में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली।सुबह करीब साढ़े 6 से 7 बजे के बीच शहर सहित आसपास के इलाकों में रिमझिम से मध्यम बारिश हुई। इसके बाद भी आसमान में घने बादल छाए रहे। मौसम के मिजाज को देखते हुए जिले के कई हिस्सों में शुक्रवार दोपहर और शाम को भी बारिश होने की संभावना बनी हुई है। सुबह हुई बारिश से पिछले कुछ दिनों से उमस और गर्मी झेल रहे लोगों को राहत मिली। इससे पहले गुरुवार को दिनभर तेज धूप रहने से उमस भरी गर्मी का असर काफी तेज रहा था। गर्मी के कारण आमजन पसीने से तरबतर नजर आए। शुक्रवार सुबह बारिश होने के बाद तापमान में कुछ गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया। हालांकि बादलों के बीच उमस का असर भी बना रह सकता है। 17 अगस्त तक गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार अलवर में आगामी दिनों में मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। 14 अगस्त को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश या गरज-चमक हो सकती है। वहीं 15 से 17 अगस्त तक गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इस दौरान बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। 18 और 19 अगस्त को आसमान में बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। सामान्य से 6 प्रतिशत कम बारिश अलवर में 14 अगस्त तक सामान्य बारिश का आंकड़ा 353.3 मिमी है, जबकि इस सीजन में अब तक 332.4 मिमी बारिश दर्ज हुई है। ऐसे में जिले में सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम बारिश हुई है। हालांकि आगामी दिनों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। ऐसे में मौसम के मिजाज को देखते हुए उम्मीद है कि आने वाले दिनों में बारिश की कमी पूरी हो सकती है और जिले में सामान्य बारिश का आंकड़ा हासिल हो सकता है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *