रामपुर में शुक्रवार सुबह छह बजे से बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। आसमान में सुबह से ही काले बादल छाए हुए हैं, जिसके कारण दिन में भी सड़कों पर अंधेरा नजर आया। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होती रही, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। पिछले दो दिनों की भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बारिश के बाद काफी राहत मिली है। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। सुबह से ही ठंडी हवाओं के साथ बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया। लोग गर्मी और उमस से राहत महसूस करते दिखे। शहर की सड़कों पर बारिश का पानी जमा हो गया, वहीं कई स्थानों पर लोगों को छाता लेकर निकलना पड़ा। यह बारिश लंबे समय से इंतजार कर रहे किसानों के लिए विशेष राहत लेकर आई है। कम बारिश के कारण खेतों में नमी तेजी से कम हो रही थी और धान की फसल को पर्याप्त पानी की जरूरत थी। कई किसान अपनी फसलों को बचाने के लिए डीजल इंजन और पंपिंग सेट से सिंचाई कर रहे थे। अब बारिश होने से खेतों में नमी बढ़ेगी और किसानों को सिंचाई के खर्च से राहत मिलने की उम्मीद है। जिला कृषि अधिकारी कुलदीप सिंह राणा ने बताया कि यह बारिश धान किसानों, गन्ना किसानों और पशुपालकों के लिए अत्यंत लाभदायक है। उन्होंने कहा कि किसानों को जिस तरह बारिश होने की उम्मीद थी, वह अब शुरू हो गई है। इससे धान और गन्ने की फसल के साथ पशुओं के चारे को भी फायदा मिलेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ घंटों में बारिश का दौर और सक्रिय हो सकता है। गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में लोगों को मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।


