भास्कर संवाददाता | उज्जैन ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भाजपा नगर संगठन द्वारा शहर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। राष्ट्रप्रेम और उत्साह के माहौल के बीच निकली इस यात्रा में जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। यात्रा का शुभारंभ शहीद पार्क से हुआ, जहां अतिथियों ने वीर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद श्रावण की फुहारों और देशभक्ति गीतों की धुनों के बीच यात्रा चामुंडा माता चौराहा, देवास गेट, मालीपुरा, दौलतगंज होते हुए फव्वारा चौक पहुंची। यहां नेताजी सुभाषचंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं भारत माता की आरती के साथ यात्रा का समापन हुआ। पूरे मार्ग में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से शहर गूंज उठा। तिरंगा यात्रा में विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, निगम अध्यक्ष कलावती यादव, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष डॉ. रवि सोलंकी, सिंहस्थ मेला प्राधिकरण अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष ओम जैन, श्याम टेलर आदि उपस्थित थे। जानकारी मीडिया प्रभारी दिनेश जाटवा ने दी। सफाई मित्रों ने संभाला मोर्चा रैली समाप्त होते ही सफाई मित्रों ने मार्ग पर सफाई कर कचरा एकत्र किया। निगम ने लोगों से सार्वजनिक आयोजनों में कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग की अपील की।


