हरदोई में लखनऊ-हरदोई नेशनल हाईवे पर गुरुवार रात करीब 9 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। कछौना कोतवाली क्षेत्र के कटियामऊ गांव के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में बाइक सवार 42 वर्षीय मजदूर मिथिलेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार्रवाई शुरू की। खराब सरकारी नल का सामान लेकर लौट रहे थे पुलिस के अनुसार, कछौना कोतवाली क्षेत्र के लोंहरा गांव निवासी मिथिलेश कुमार (42) पुत्र भैयालाल अपने साथी विनोद (38) पुत्र गयारी के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। दोनों एक फैक्ट्री में दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम करते थे। बताया गया कि दोनों गांव के खराब सरकारी नल को ठीक कराने के लिए जरूरी सामान खरीदकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कटियामऊ गांव के पास उनकी बाइक आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी।
बाइक सवार मजदूर की मौके पर मौत टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार मिथिलेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसका साथी विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। चार भाइयों में सबसे बड़े थे मिथिलेश मिथिलेश चार भाइयों में सबसे बड़े थे और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी भी उन्हीं पर थी। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी रूपरानी और चार बेटों—शिवा, गौरव, आनंद और सौरभ का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद गांव में भी मातम का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।


