शाजापुर जिले के मक्सी रेलवे स्टेशन पर गुरुवार शाम अहमदाबाद में मजदूरी करने वाला एक मजदूर जब अपने परिवार के साथ ट्रेन से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान देवरिया (उत्तर प्रदेश) निवासी नागेंद्र के रूप में हुई है। नागेंद्र अहमदाबाद से गोरखपुर जाने वाली ट्रेन से अपने गृहग्राम जा रहा था। उसके साथ उसका साला कुबेर और परिवार के अन्य लोग भी सफर कर रहे थे। सफर के दौरान अचानक नागेंद्र की तबीयत बिगड़ी और उसकी जान चली गई। उज्जैन स्टेशन पर बहुत ज्यादा भीड़ होने के कारण परिजन को तुरंत इसका पता नहीं चला। जब एक यात्री ने सीट के लिए उसे उठाना चाहा, तब मौत का पता चला। भीड़ ज्यादा होने से शव को उज्जैन में उतारा नहीं जा सका, जिसके बाद उसे मक्सी स्टेशन पर उतारा गया। आर्थिक तंगी से परेशान परिवार, शव ले जाने के लिए मदद मांगी नागेंद्र के परिजन ने पुलिस से पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। मक्सी रेलवे जीआरपी ने जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी की है। शव को देवरिया पहुंचाने के लिए करीब 28 हजार रुपए का खर्च बताया जा रहा है। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, जिसके चलते परिजन मदद की आस लगाए हैं। स्थानीय स्तर पर भी लोग मानवीय आधार पर सहयोग जुटाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि शव को सुरक्षित उसके पैतृक गांव भेजा जा सके।


