150 किलो मावा, 33 किलो घी जब्त:बुरहानपुर में 48 हजार रुपए का सामान जब्त; त्योहार से पहले हो रही जांच

150 किलो मावा, 33 किलो घी जब्त:बुरहानपुर में 48 हजार रुपए का सामान जब्त; त्योहार से पहले हो रही जांच

बुरहानपुर में खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 150 किलोग्राम मावा और 33 किलोग्राम घी जब्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर हर्ष सिंह के निर्देश पर जनस्वास्थ्य और उपभोक्ता हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है। दरअसल, डेयरी एनालॉग और वास्तविक दुग्ध उत्पादों का आभास कराने वाले गैर-दुग्ध खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण, वितरण और विक्रय पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया गया है। इस आदेश के तहत उपभोक्ताओं को भ्रमित होने से बचाने और खाद्य पदार्थों की वास्तविक प्रकृति में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से लगातार जांच की जा रही है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश के निर्देश पर गुरुवार को विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सईद मावा से 150 किलोग्राम मावा जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 25 हजार रुपये है। इसका खाद्य नमूना भी जांच के लिए लिया गया। इसी कड़ी में, लवेश ट्रेडर्स महाजनापेठ से 33 किलोग्राम घी जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 23 हजार 100 रुपये है। घी का नमूना भी जांच के लिए भेजा गया है। इसके अतिरिक्त, धनंजय ट्रेडर्स बुरहानपुर से क्रीम और पनीर के नमूने भी लिए गए हैं। कुल मिलाकर, इस कार्रवाई में 183 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 48 हजार 100 रुपये है। खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *