स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले बृहस्पतिवार को संगमनगरी देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। भाजपा की ओर से सिविल लाइंस में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने खुद यात्रा की अगुवाई की। तिरंगे से सजे रथनुमा वाहन में सबसे आगे खड़े होकर उन्होंने हाथ में तिरंगा लहराया। उनके साथ हजारों लोगों का हुजूम भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ता रहा। सिविल लाइंस स्थित धरना स्थल से शुरू हुई इस यात्रा में शुरुआत से ही जबरदस्त उत्साह नजर आया। सबसे आगे स्केटिंग करने वाले बच्चों का समूह हाथों में तिरंगा लेकर चला। बच्चों के पीछे भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम शहरवासियों की भीड़ थी। सड़क पर दोनों ओर तिरंगे लहराते नजर आए।
तिरंगे से सजे रथ पर सबसे आगे रहे डिप्टी सीएम
यात्रा का मुख्य आकर्षण तिरंगे से सजा रथनुमा वाहन रहा। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य इसी वाहन में सबसे आगे खड़े रहे। हाथ में तिरंगा लेकर वह लगातार उसे लहराते रहे। रैली में शामिल लोगों ने भी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर उनका साथ दिया। जैसे-जैसे यात्रा आगे बढ़ी, सिविल लाइंस की सड़कों पर देशभक्ति का माहौल और गहरा होता गया। कार्यकर्ता और आम लोग भारत माता की जय के साथ देशभक्ति के नारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।
स्केटिंग करते बच्चों ने खींचा ध्यान
तिरंगा यात्रा की शुरुआत में स्केटिंग करने वाले बच्चों का समूह आकर्षण का केंद्र रहा। हाथों में तिरंगा लेकर स्केटिंग करते हुए बच्चे यात्रा के सबसे आगे चल रहे थे। उनके पीछे हजारों लोगों का हुजूम था। बच्चों की इस प्रस्तुति ने यात्रा में उत्साह और जोश बढ़ा दिया। विधायक और भाजपा पदाधिकारी भी रहे शामिल
तिरंगा यात्रा में भाजपा के कई प्रमुख नेता और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। शहर पश्चिमी विधायक सिद्धार्थनाथ सिंह, फाफामऊ विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, फूलपुर विधायक दीपक पटेल, शहर उत्तरी विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी और महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम शहरवासी शामिल हुए। यात्रा में युवाओं की भी बड़ी भागीदारी रही। बड़ी संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर पैदल चलते नजर आए। जगह-जगह लोग यात्रा को देखने के लिए सड़क किनारे खड़े रहे। जयकारों से गूंजता रहा सिविल लाइंस
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा सिविल लाइंस क्षेत्र भारत माता के जयकारों से गूंजता रहा। हाथों में तिरंगा और जुबां पर देशभक्ति के नारे लिए लोग यात्रा के साथ आगे बढ़ते रहे। कई लोगों ने मोबाइल फोन से यात्रा के वीडियो भी बनाए। स्वतंत्रता दिवस से पहले निकली इस यात्रा के जरिए भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा के दौरान तिरंगे के साथ उमड़ा जनसैलाब शहर में चर्चा का केंद्र रहा। शहीद वॉल के सामने यात्रा का समापन
सिविल लाइंस के धरना स्थल से शुरू हुई तिरंगा यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए शहीद स्थल पर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। शहीद स्थल पर पहुंचने के साथ ही यात्रा का माहौल और भावुक हो गया। देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को नमन करते हुए तिरंगा यात्रा को विराम दिया गया।


