मध्यप्रदेश में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) जल्द लागू की जाएगी और इसके साथ ही राज्य देश के उन प्रमुख राज्यों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा जहां यह कानून लागू है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को यह बात कही।
यादव स्वतंत्रता दिवस के पहले भोपाल के भोजताल (बडा तालाब) में नौकाओं पर आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू होने जा रही है। इससे मध्य प्रदेश देश के उन प्रमुख राज्यों की श्रेणी में शामिल हो जाएगा, जहां यूसीसी लागू है और राज्य में समानता की पवित्र भावना मजबूत होगी।’’
उन्होंने कहा कि धर्म के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा और हिंदू, मुस्लिम, पारसी या ईसाई, सभी पर समान कानून लागू होंगे।
बड़ा तालाब में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध बोट क्लब देशभक्ति के गीतों से गूंज उठा।
एक अधिकारी ने बताया कि देश में पहली बार झील के बीचोंबीच तैरता हुआ तिरंगा भी बनाया गया।
यादव ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि उनका प्रदर्शन रोमांचकारी है और यह दर्शाता है कि जीवन में परिस्थितियां हमेशा एक जैसी नहीं रहतीं तथा समय के साथ संकल्प और कौशल विकसित होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश और दुनिया देख रही है कि तिरंगा यात्रा नावों के जरिए भी निकाली जा सकती है और मध्यप्रदेश इस आयोजन के माध्यम से एक अनूठा रिकॉर्ड बना रहा है।
मध्यप्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग भी नौका तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।


