कोलकाता के एनआरएस अस्पताल में नाइट शिफ्ट के दौरान एक नर्स का शव एचडीयू के शौचालय में मिला। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर सहकर्मियों ने दरवाजा तोड़ा, जहां वह बेसुध पड़ी मिली। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कोलकाता। नीलरतन सरकार (एनआरएस) अस्पताल में एक नर्स का शव बरामद किया गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, नर्स स्त्री रोग विभाग के एचडीयू में ड्यूटी पर थीं। रात में कुछ समय बाद जब अस्पताल के कर्मचारियों ने उन्हें कार्यस्थल पर नहीं देखा, तो उनकी तलाश शुरू की गई। इसके बाद एचडीयू के शौचालय से उनका शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री शरदवत मुखर्जी ने गुरुवार सुबह अस्पताल का दौरा किया और ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों से जानकारी ली।
रात 10:20 बजे गई थी शौचालय
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नर्स की बुधवार रात 8 बजे एचडीयू में नाइट शिफ्ट की ड्यूटी शुरू हुई थी। रात करीब 10:20 बजे वह शौचालय गई थी। जब काफी देर तक वह बाहर नहीं आई, तो उसके सहकर्मियों को चिंता हुई। उन्होंने दरवाजा खटखटाया और आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।
शौचालय का दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद अस्पताल कर्मचारियों ने दरवाजा तोड़ा, तो अंदर नर्स बेसुध हालत में फर्श पर पड़ी हुई थी। सहकर्मी उसे तुरंत आपातकालीन वार्ड में लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
तीन ‘फेंटानिल’ वायल और इंजेक्शन का एंगल
अस्पताल सूत्रों से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, नर्स ड्यूटी पर आने के बाद नर्सिंग स्टेशन से ‘फेंटानिल’ (एनेस्थीसिया में इस्तेमाल होने वाली दवा) की तीन वायल लेकर शौचालय की तरफ गई थी। आशंका जताई जा रही है कि उसने ओवरडोज या इंजेक्शन के जरिए यह दवा खुद को इंजेक्ट की, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और न ही शरीर पर चोट के कोई निशान मिले हैं।
पुलिस ने तीन स्थानों को किया सील
कोलकाता पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी गुरुवार को एनआरएस अस्पताल पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) कुणाल अग्रवाल और डीसी (ईस्टर्न सबर्ब्स) सुबिमल पाल भी घटनास्थल पर पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) ने बताया कि घटना से जुड़े तीन स्थानों को सील कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि होमिसाइड शाखा ने जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से एक स्ट्रेचर भी पुलिस ने जब्त किया है।
जांचकर्ता अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं। पुलिस अधिकारी के अनुसार, अभी यह तय नहीं हुआ है कि रूपाली का पोस्टमार्टम कहां कराया जाएगा। परिवार जहां पोस्टमार्टम कराना चाहेगा, उसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल प्रबंधन ने भी स्पष्ट किया है कि मृतका के पति की इच्छा के अनुसार पोस्टमार्टम की व्यवस्था की जाएगी।


