जनपद पंचायत पन्ना की ग्राम पंचायत भिलसांय में पदस्थ रोजगार सहायक रामदास शर्मा की कार्यप्रणाली से नाराज ग्रामीणों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने गुरुवार को जिला पंचायत कार्यालय पहुंचकर सीईओ को ज्ञापन सौंपा और रोजगार सहायक को पद से हटाने व उनके खिलाफ जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि रोजगार सहायक काफी समय से पंचायत में डटे हुए हैं और सरकारी योजनाओं को लागू करने में भारी लापरवाही और गड़बड़ी कर रहे हैं। उनकी इस कार्यप्रणाली की वजह से गांव के करीब 200 से 250 पात्र परिवार परेशान हो रहे हैं। काम के बदले रिश्वत मांगने का आरोप जिला पंचायत दफ्तर पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत के छोटे-छोटे कामों के लिए भी उनसे पैसे वसूले जाते हैं। संबल योजना का कार्ड बनवाने के नाम पर ₹1,000 और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के लिए ₹1,000 से लेकर ₹10,000 तक की रिश्वत मांगी जाती है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि जब वे अपनी शिकायत लेकर जाते हैं, तो रोजगार सहायक अभद्र व्यवहार करते हैं और ‘जहां शिकायत करनी हो कर लो’ कहकर डराते-धमकाते हैं। 6 साल से भटक रहे ग्रामीण गांव के रहने वाले राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि लोग पिछले 6 साल से समग्र आईडी और संबल योजना के लिए भटक रहे हैं। आवास योजना के मकान पात्र लोगों को न देकर दूसरों को बांट दिए जाते हैं या निरस्त कर दिए जाते हैं। वहीं संजी लाल चौधरी ने आरोप लगाया कि रोजगार सहायक ने उनकी पत्नी का नाम समग्र आईडी से ही काट दिया है और बीते 6 सालों से चक्कर कटवाने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं।


