बॉलीवुड एक्ट्रेस निहारिका तिवारी गुरुवार को जयपुर पहुंचीं। जयपुर एयरपोर्ट पर उनके फैंस ने उनका भव्य स्वागत किया। एयरपोर्ट से निहारिका सीधे होटल के लिए रवाना हुईं। शाम को वे जयपुर के एक क्लब में परफॉर्म करेंगी, जहां उनके फैंस को उनकी लाइव परफॉर्मेंस देखने का मौका मिलेगा। जयपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान निहारिका ने कहा, “जयपुर में परफॉर्म करना मेरे लिए हमेशा खास रहा है। जयपुर से मेरा व्यक्तिगत जुड़ाव भी है और मैं यहां अपने गानों की शूटिंग के लिए भी आ चुकी हूं।” उन्होंने आगे कहा कि शहर की खूबसूरत वास्तुकला, राजस्थानी संस्कृति और यहां का खान-पान उन्हें हमेशा आकर्षित करता है। उनके मुताबिक, जयपुर में उन्हें एक अलग तरह का अपनापन महसूस होता है। जयपुर में आज शाम होगी लाइव परफॉर्मेंस
निहारिका अब शाम की अपनी परफॉर्मेंस को लेकर पूरी तरह तैयार हैं। उनके जयपुर दौरे को लेकर उनके फैंस में खासा उत्साह है। एयरपोर्ट पर भी फैंस ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ सेल्फी व फोटो खिंचवाने की होड़ मच गई। ‘शीशा’ ने दिलाई देशभर में पहचान निहारिका तिवारी इन दिनों अपने ‘शीशा’ म्यूजिक वीडियो को लेकर भी काफी चर्चा में हैं। इस गाने के ऑफिशियल वीडियो में निहारिका तिवारी और सोराब बेदी नजर आए हैं। गाने की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसकी रिलीज के बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ और इसके ऑडियो पर बड़ी संख्या में रील्स बनाई गईं। एक रिपोर्ट के अनुसार, ‘शीशा’ ने स्पॉटिफ़ाई इंडिया (Spotify India) और बिलबोर्ड इंडिया (Billboard India) के चार्ट्स में भी जगह बनाई थी और इसे करोड़ों स्ट्रीम्स व व्यूज मिल चुके हैं। निहारिका की लोकप्रियता का एक बड़ा हिस्सा सोशल मीडिया और म्यूजिक वीडियो से जुड़ा है। उनके अभिनय क्रेडिट्स में ‘माशुका’, ‘ चॉकलेट’ और ‘ केंडी क्रश बन जाउंगी’ जैसे म्यूजिक वीडियो शामिल हैं। उन्होंने 2021 से म्यूजिक वीडियो में अभिनय करना शुरू किया और इसके बाद लगातार अलग-अलग प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनीं। ‘Splitsvilla X6’ से भी बढ़ी लोकप्रियता निहारिका तिवारी की पहचान केवल म्यूजिक वीडियो तक सीमित नहीं रही। वे लोकप्रिय रियलिटी शो ‘MTV Splitsvilla X6’ का भी हिस्सा रहीं। शो के दौरान उनकी पर्सनैलिटी, रिश्तों और अलग-अलग टास्क में उनके प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा होती रही। शो के बाद भी वे अपने सोशल मीडिया कंटेंट और म्यूजिक प्रोजेक्ट्स के कारण सुर्खियों में बनी हुई हैं। सोशल मीडिया से मिली मजबूत पहचान निहारिका की लोकप्रियता का एक अहम आधार उनका सोशल मीडिया कनेक्शन भी है। उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए अपनी अलग फैन फॉलोइंग बनाई है। उनके वीडियो, फोटोशूट और म्यूजिक प्रोजेक्ट्स सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा में रहते हैं। यही वजह है कि म्यूजिक वीडियो और रियलिटी शो के साथ उनकी डिजिटल मौजूदगी भी उनके करियर का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुकी है।


