वोटर आईडी गड़बड़ी पर भड़के अभिनेता प्रकाश राज, कर्नाटक चुनाव आयोग को बताया ‘झूठा’

वोटर आईडी गड़बड़ी पर भड़के अभिनेता प्रकाश राज, कर्नाटक चुनाव आयोग को बताया ‘झूठा’

Prakash Raj Election Commission Row: अभिनेता प्रकाश राज ने मतदाता सूची को लेकर कर्नाटक चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं। प्रकाश राज का दावा है कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के दौरान बेंगलुरु की मतदाता सूची में उनके वोटर आईडी को लेकर गड़बड़ी हुई। हालांकि, मामला बढ़ता देख चुनाव आयोग ने इस पर सफाई दी थी और कहा था कि जांच के बाद उनके लगाए आरोप सही नहीं पाए गए।

अब इसको लेकर 61 वर्षीय अभिनेता ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर दावा किया कि चुनाव आयोग के कार्यालय से उन्हें फोन आया था और अधिकारियों ने माना था कि उनसे गलती हुई है। अभिनेता ने कहा, ‘कर्नाटक चुनाव आयोग से मेरे कुछ सवाल हैं। क्या यह सच नहीं है कि आपने अपनी वेबसाइट पर लिखा था कि मेरी वोटर आईडी ‘परमानेंटली शिफ्टेड’ है?’

उन्होंने आगे कहा, ‘इसका मतलब है कि नाम हटा दिया गया। इसका मतलब है कि मुझे फॉर्म-6 भरकर नए वोटर आईडी के लिए आवेदन करना होगा। जब मैंने यह मुद्दा उठाया और यह लाखों लोगों तक पहुंचा, तो क्या आपके अधिकारियों ने मुझे फोन करके यह नहीं कहा कि गलती हुई है और हम इसे ठीक कर देंगे? क्या आपने मुझसे सोशल मीडिया पर यह बताने के लिए भी नहीं कहा कि आप इसे ठीक कर रहे हैं?’

हालांकि, प्रकाश राज का कहना है कि बाद में आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना रुख बदल दिया। उन्होंने कहा, ‘शाम तक आपने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। अपनी वेबसाइट पर ‘परमानेंटली शिफ्टेड’ को बदलकर सिर्फ ‘शिफ्टेड’ कर दिया। मीडिया से कहा कि वास्तव में नाम शिफ्ट हुआ है, डिलीट नहीं हुआ। आप झूठ बोल रहे हैं, आपने झूठ बोला है।’

उन्होंने आरोप लगाया कि रात करीब 8:30 बजे उनके पुराने पते पर BLO को भेजकर मौके का निरीक्षण कराया गया। प्रकाश राज ने इसे नाटक बताते हुए कहा कि यह सब तब किया गया, जब मामला उनके हाथ से निकल चुका था।

उन्होंने कहा, ‘हां, मैं एक सेलिब्रिटी हूं। लेकिन क्या आप आम आदमी को भी इसी तरह फोन करेंगे? मैं अपने काम की वजह से सेलिब्रिटी हूं, लेकिन हर नागरिक के बराबर हूं। यह लड़ाई एक नागरिक की गरिमा की है।’ उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में और वीडियो और स्पष्टीकरण सामने आएंगे। उन्होंने अपने वीडियो के अंत में कहा, ‘गेम ऑन।’

चुनाव आयोग ने क्या कहा था?

इससे पहले प्रकाश राज ने दावा किया था कि उनका नाम बेंगलुरु की मतदाता सूची से हटा दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा था कि बेंगलुरु में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।

वहीं, चुनाव अधिकारियों ने कहा कि प्रकाश राज का नाम मतदाता सूची से हटाया नहीं गया है। अधिकारियों के मुताबिक, BLO के सत्यापन में पता चला कि प्रकाश राज अपने पुराने पते से दूसरी जगह चले गए हैं। पड़ोसियों और मकान मालिक ने भी इसकी पुष्टि की।

अधिकारियों के अनुसार, उनके वोटर स्टेटस में ‘शिफ्टेड’ दर्ज किया गया है। प्रकाश राज अपने मौजूदा पते पर फॉर्म-6 के जरिए मतदाता के रूप में पंजीकरण करा सकते हैं। चुनाव अधिकारियों ने उनके लगाए आरोपों को जांच के बाद ‘सही नहीं पाया गया’ बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *