संभल में स्वतंत्रता दिवस से पहले पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। असमोली थाना पुलिस ने मौके से दो बने हुए तमंचे और 42 अधबने हथियार बरामद किए हैं। पुलिस ने एक आरोपी इकरार को गिरफ्तार किया है, जबकि फैक्ट्री संचालक ताहिर फरार है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी करीब तीन महीने से हथियार बना रहे थे और अब तक करीब 30 तमंचे बेच चुके हैं। एसपी कृष्ण विश्नोई ने गुरुवार दोपहर 12 बजे एएसपी उत्तरी कार्यालय में मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को 25 हजार रुपए का नकद इनाम दिया जाएगा। पुलिस के मुताबिक, हीरापुर निवासी इकरार पुत्र अख्तर को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में उसने बताया कि हीरापुर असमोली निवासी ताहिर पुत्र साबिर ने करीब तीन महीने पहले अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री शुरू की थी। दोनों दिन में अपना काम करते थे और रात में हथियारों के पुर्जे तैयार कर तमंचे बनाते थे। इकरार दिन में बजरी-बजरपुट का काम करता था। रात में वह तमंचों के पुर्जे तैयार करने और हथियार बनाने का काम करता था। पुलिस के अनुसार, ताहिर इस पूरे काम को संचालित करता था और फिलहाल फरार है। 42 अधबने हथियार मिले, करीब 30 तमंचे बेचने की बात पुलिस पूछताछ में इकरार ने बताया कि अब तक करीब 30 तमंचे बनाकर बेचे जा चुके हैं। पुलिस अब उन लोगों की तलाश कर रही है, जिन्होंने आरोपियों से हथियार खरीदे थे। खरीदारों की पहचान कर उनसे हथियार बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इन हथियारों के लिए कारतूस कहां से उपलब्ध कराए जाते थे। मामले में हथियारों की सप्लाई और खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। संभल के अजीम से सीखा था तमंचा बनाना पूछताछ में इकरार ने संभल निवासी अजीम को तमंचा बनाने का उस्ताद बताया है। पुलिस के अनुसार, इकरार ने अजीम से हथियार बनाने की जानकारी लेने के बाद यह काम शुरू किया था। पुलिस अब अजीम की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। उसके खिलाफ भी जल्द इनाम घोषित किए जाने की बात कही गई है। 15 अगस्त को लेकर पुलिस हाई अलर्ट पर एसपी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए संभल पुलिस हाई अलर्ट पर है। मुखबिर तंत्र और खुफिया नेटवर्क को सक्रिय किया गया है। हालांकि, अभी तक ऐसा कोई इनपुट नहीं मिला है कि बरामद हथियारों का इस्तेमाल 15 अगस्त पर किसी गड़बड़ी के लिए किया जाना था। पुलिस के मुताबिक, ताहिर का पहले से आपराधिक इतिहास है, जबकि इकरार की कोई आपराधिक हिस्ट्री सामने नहीं आई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और हथियार खरीदने वालों की तलाश कर रही है। ऑर्गनाइज्ड क्राइम और गैंगस्टर एक्ट में होगी कार्रवाई एसपी कृष्ण विश्नोई ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम और गैंगस्टर एक्ट समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। असमोली थाना पुलिस की टीम को कार्रवाई के लिए 25 हजार रुपए का नकद इनाम देने की घोषणा की गई है।


