अमृतसर में तरसिक्का पुलिस की कार्रवाई:गश्त के दौरान 3 पिस्तौल बरामद; 2 आरोपी गिरफ्तार, 1 फरार

अमृतसर में तरसिक्का पुलिस की कार्रवाई:गश्त के दौरान 3 पिस्तौल बरामद; 2 आरोपी गिरफ्तार, 1 फरार

अमृतसर के तरसिक्का थाना पुलिस ने हथियारों के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी की गिरफ्तारी अभी बाकी बताई गई है। इस संबंध में थाना तरसिक्का में एफआईआर नंबर 94 दर्ज की गई है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश पुलिस के अनुसार, एएसआई नरेंद्रपाल सिंह पुलिस पार्टी के साथ गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। पुलिस पार्टी हाईवे से गांव मुच्छल की तरफ जा रही थी। इसी दौरान सामने दो युवक बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर बैठे दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों युवक वहां से निकलने की कोशिश करने लगे। पुलिस पार्टी ने दोनों को काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान मोटरसाइकिल चला रहे युवक ने अपना नाम सिकंदर सिंह पुत्र जैराज सिंह निवासी कलर मोहल्ला, गेहरी मंडी बताया। उसके पीछे बैठे युवक ने अपना नाम अविनाश कुमार उर्फ कालू पुत्र धर्मबीर निवासी रेलवे कॉलोनी, गेहरी मंडी बताया। पुलिस ने सिकंदर सिंह की तलाशी ली तो उसकी डब से एक बिना मैगजीन वाली पिस्तौल बरामद हुई। वहीं अविनाश कुमार की तलाशी लेने पर उसकी डब से दो पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ये पिस्तौल सिकंदर सिंह ने किसी अज्ञात व्यक्ति को बेचने के लिए दिए थे। मामले में सिकंदर सिंह उर्फ घुग्गी पुत्र पाल सिंह निवासी गेहरी मंडी का नाम भी दर्ज है। उसकी गिरफ्तारी अभी बाकी बताई जा रही है। हथियार कहां से आए, जांच जारी पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल तीन पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और एक बिना नंबर की सिल्वर रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस ने बरामद हथियारों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल तरसिक्का पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है और तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में हथियार कहां से आए और इन्हें किसे बेचा जाना था, इस संबंध में पुलिस की जांच के बाद ही पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *