दिल की धड़कन अचानक तेज हो जाए तो न करें नजरअंदाज, AHA और मेयो क्लिनिक से जानें कब Tachycardia बन सकती है चिंता की वजह

दिल की धड़कन अचानक तेज हो जाए तो न करें नजरअंदाज, AHA और मेयो क्लिनिक से जानें कब Tachycardia बन सकती है चिंता की वजह

Tachycardia Symptoms: कई बार सीढ़ियां चढ़ते समय, वर्कआउट करते वक्त या किसी बात से बहुत ज्यादा डर या घबराहट होने पर हमारी छाती में धड़कनें तेज हो जाती हैं। ऐसी स्थितियों में दिल की धड़कन का तेज होना बिल्कुल सामान्य है। लेकिन सोचिए, अगर आप आराम से सोफे पर बैठे हैं या कोई काम नहीं कर रहे, फिर भी अचानक आपकी छाती में धक-धक बहुत तेज होने लगे? अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन (AHA) के अनुसार, बिना किसी बड़ी शारीरिक मेहनत के दिल की धड़कन का असामान्य रूप से तेज हो जाना टैचीकार्डिया (Tachycardia) कहलाता है। सामान्य तौर पर एक वयस्क व्यक्ति का दिल 1 मिनट में 60 से 100 बार धड़कता है। लेकिन टैचीकार्डिया की स्थिति में यह धड़कन 100 प्रति मिनट से भी ऊपर निकल जाती है। आइए जानते हैं कि यह समस्या क्या है, इसके पीछे क्या कारण हो सकते हैं और कब आपको सतर्क हो जाना चाहिए।

टैचीकार्डिया (Tachycardia) क्या है और यह क्यों होता है?

हमारा दिल इलेक्ट्रिकल सिग्नल्स (बिजली के छाेटे संकेतों) के जरिए धड़कता है। जब ये इलेक्ट्रिकल सिग्नल सही तरीके से काम करते हैं, तो दिल एक तय गति से धड़कता है। लेकिन जब इन सिग्नल्स में कोई गड़बड़ी आ जाती है, तो दिल बहुत तेजी से पंप करने लगता है। जब दिल बहुत तेज धड़कता है, तो उसे शरीर के बाकी हिस्सों और अंगों तक पर्याप्त ऑक्सीजन वाला खून पहुंचाने का पूरा समय नहीं मिल पाता। इसी वजह से व्यक्ति को चक्कर आना या सांस फूलना महसूस होने लगता है। यह मुख्य रूप से तीन तरह का होता है;

1.साइनस टैचीकार्डिया (Sinus Tachycardia)- यह तब होता है जब तनाव, बुखार, डर या कैफीन (चाय-कॉफी) की वजह से धड़कन तेज होती है। कारण दूर होते ही यह सामान्य हो जाती है।

2. सुप्रावेंट्रिकुलर टैचीकार्डिया (SVT)- यह दिल के ऊपरी चैंबर से शुरू होने वाली तेज धड़कन की समस्या है, जो अचानक शुरू होकर अचानक बंद हो सकती है।

3. वेंट्रिकुलर टैचीकार्डिया (VT)- यह दिल के निचले चैंबर से शुरू होता है। यह एक गंभीर स्थिति है और इसे तुरंत डॉक्टरी इलाज की जरूरत होती है।

अचानक दिल की धड़कन तेज होने की मुख्य वजहें

अगर आपकी धड़कन बिना किसी बड़ी शारीरिक मेहनत के बार-बार तेज हो रही है, तो इसके पीछे ये कारण हो सकते हैं:

  • मानसिक तनाव और एंग्जाइटी।
  • खून की कमी (Anemia)।
  • थायरॉयड का बढ़ना (Hyperthyroidism)।
  • इलेक्ट्रोलाइट्स का असंतुलन।
  • ज्यादा चाय, कॉफी, शराब या सिगरेट।
  • बुखार या इंफेक्शन।
  • हार्ट डिसीज।

टैचीकार्डिया के मुख्य लक्षण

क्लीवलैंड क्लिनिक के अनुसार, जब आपकी धड़कन तेज होती है, तो शरीर में ये लक्षण दिखाई दे सकते हैं:

  • छाती में तेज धक-धक या घबराहट महसूस होना (Palpitations)।
  • बिना वजह बहुत जल्दी सांस फूलने लगना।
  • अचानक चक्कर आना या सिर हल्का महसूस होना।
  • बहुत ज्यादा कमजोरी और थकान लगना।
  • छाती में हल्का या तेज दर्द/दबाव महसूस होना।
  • कुछ मामलों में व्यक्ति बेहोश भी हो सकता है।

डॉक्टर को कब दिखाना चाहिए?

मेयो क्लिनिक के अनुसार, कभी-कभार डर या एक्सरसाइज के बाद धड़कन बढ़ना सामान्य है। लेकिन आपको तुरंत इमरजेंसी मेडिकल हेल्प या कार्डियोलॉजिस्ट (हार्ट स्पेशलिस्ट) से संपर्क करना चाहिए अगर;

  • तेज धड़कन के साथ छाती में तेज दर्द या दबाव महसूस हो रहा हो।
  • अचानक सांस लेने में बहुत ज्यादा तकलीफ होने लगे।
  • चक्कर आ जाएं या आप बेहोश (Faint) हो जाएं।
  • धड़कन तेज होने के साथ-साथ हाथ, गर्दन या जबड़े में दर्द फैले।
  • आप पहले से ही किसी हार्ट पेशेंट हैं और अचानक धड़कन 100-120 से ऊपर बनी रहे।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *