स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन त्योहार के मद्देनजर धौलपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी क्रम में गुरुवार को आरपीएफ और जीआरपी पुलिस ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और आने-जाने वाले यात्रियों की सघन चेकिंग की। आरपीएफ थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध दिखने वाले लोगों की गतिविधियों की जांच की। इस दौरान यात्रियों के बैग और अन्य सामान की भी तलाशी ली गई। पुलिसकर्मियों ने स्टेशन परिसर में लावारिस वस्तुओं और संदिग्ध गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर
थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है, जिसके कारण सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। स्टेशन के साथ-साथ ट्रेनों के भीतर भी पुलिस टीमें लगातार चेकिंग कर रही हैं। यात्रियों के सामान और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार 15 अगस्त और रक्षाबंधन के दौरान स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है। ऐसे में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। स्टेशन के प्रवेश और निकास मार्गों के साथ-साथ प्लेटफॉर्म पर भी पुलिसकर्मियों की मौजूदगी बढ़ाई गई है। आरपीएफ और जीआरपी ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान अपने सामान की स्वयं निगरानी करें और किसी भी संदिग्ध वस्तु को न छुएं। पुलिस ने बताया कि त्योहारों के दौरान रेलवे परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।


