जीआईसी सहायक अध्यापक कंप्यूटर मुख्य परीक्षा 16 अगस्त को:यूपीपीएससी ने जारी किए प्रवेश पत्र, लखनऊ में कई केंद्रों पर होगी परीक्षा

जीआईसी सहायक अध्यापक कंप्यूटर मुख्य परीक्षा 16 अगस्त को:यूपीपीएससी ने जारी किए प्रवेश पत्र, लखनऊ में कई केंद्रों पर होगी परीक्षा

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने राजकीय इंटर कॉलेजों (GIC) में सहायक अध्यापक (कंप्यूटर) मुख्य परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। आयोग ने इस परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र भी अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं। यह परीक्षा 16 अगस्त को लखनऊ में आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 09:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थी अपने ओटीआर (OTR) नंबर का उपयोग करके वेबसाइट https://uppsc.up.nic.in से प्रवेश पत्र और आवश्यक निर्देश डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी ने बताया कि अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र में अंकित परीक्षा केंद्र पर निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होना होगा। उन्हें अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, मूल आईडी प्रूफ और उसकी एक फोटोकॉपी लाना अनिवार्य है। आईडी प्रूफ की एक फोटोकॉपी कक्ष निरीक्षक को भी जमा करनी होगी। परीक्षा केंद्र में प्रवेश को लेकर समय-सीमा का कड़ाई से पालन किया जाएगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 01 घंटा 30 मिनट पहले प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा प्रारंभ होने से 45 मिनट पहले प्रवेश द्वार पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे। परीक्षा में पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के लिए उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम, 2024 प्रभावी है। यह अधिनियम परीक्षा में अनुचित साधनों के प्रयोग, नकल करने या कराने, प्रश्नपत्र का प्रतिरूपण करने या उसे लीक करने की साजिश रचने जैसे कृत्यों को गंभीर अपराध मानता है। इस अधिनियम के तहत दोषी पाए जाने पर एक करोड़ रुपये तक का जुर्माना और आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान किया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *