मेहसाणा में नेक्स्ट-जेन थीम आधारित पहले डाकघर का शुभारंभ, उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल यादव एवं प्रो-चांसलर डॉ. शर्मा ने किया उदघाटन

मेहसाणा में नेक्स्ट-जेन थीम आधारित पहले डाकघर का शुभारंभ, उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल यादव एवं प्रो-चांसलर डॉ. शर्मा ने किया उदघाटन

मेहसाणा. गुजरात के छठें एवं मेहसाणा के प्रथम एन-जेन (नेक्स्ट जेन) थीम आधारित नवीनीकृत गणपत विद्यानगर डाकघर का शुभारंभ बुधवार को किया गया।
उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव एवं गणपत यूनिवर्सिटी के प्रो-चांसलर डॉ. महेंद्र शर्मा ने उदघाटन किया।
भारतीय डाक की फ्लैगशिप एन-जेन पहल के तहत विकसित यह डाकघर विद्यार्थियों ने भारतीय डाक के साथ मिलकर “छात्रों का, छात्रों द्वारा, छात्रों के लिए” की फिलॉसफी पर डिजाइन किया है।

वाई-फाई, कैफेटेरिया, मिनी लाइब्रेरी, यूपीआइ आधारित डिजिटल भुगतान की भी सुविधा

यादव ने कहा कि एन-जेन डाकघर पहल विद्यार्थी एवं डिजिटल नेटिव्स को केंद्र में रखकर इंडिया पोस्ट के एक आधुनिक, युवा-केंद्रित सेवा नेटवर्क में परिवर्तन को दर्शाती है। यहां युवाओं के लिए वाई-फाई, कैफेटेरिया, मिनी लाइब्रेरी, यूपीआइ आधारित डिजिटल भुगतान की भी सुविधा उपलब्ध है। साथ ही यूथ-केंद्रित कंफर्ट सीटिंग स्पेस, विद्यार्थियों के लिए स्पीड पोस्ट व पार्सल सेवाओं पर 10 फीसदी की विशेष छूट, ज्ञान पोस्ट, इंटरनेशनल पार्सल बुकिंग, पार्सल पैकेजिंग सर्विस, फिलेटली एवं डाकघर बचत सेवाएं, डाक जीवन बीमा, आअपीपीबी आदि वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराई हैं।
डॉ. शर्मा ने डाक विभाग द्वारा गणपत यूनिवर्सिटी परिसर में एन-जेन पोस्ट ऑफिस पहल को युवाओं को डाक सेवाओं से जोड़ने की अभिनव पहल बताया। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह डाकघर 18 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों को डाक विभाग की सेवाओं का एक नया अनुभव प्रदान करेगा। राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की होने वाली तमाम सेमिनार, कांफ्रेंस के डेलिगेट्स के लिए भी यहां से देश-विदेश में शैक्षणिक सामग्री भेजने में आसानी होगी।
यादव ने बताया कि गुजरात में आइआइटी गांधीनगर, आइआइएम अहमदाबाद, सरदार वल्लभभाई पटेल एनआइटी सूरत, आणद कृषि यूनिवर्सिटी, कच्छ यूनिवर्सिटी, गणपत यूनिवर्सिटी, महेसाणा सहित कुल छह एन-जेन डाकघर आरंभ हो चुके हैं।
मेहसाणा मंडल के अधीक्षक डाकघर एस के वर्मा ने कहा कि यह डाकघर गणपत यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों व निवासियों को उनकी बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाजनक, त्वरित, तकनीक-सक्षम एवं आधुनिक डाक सेवाएं उपलब्ध कराएगा।
गणपत यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों को मेहसाणा के पहले एन-जेन थीम आधारित पोस्ट ऑफिस को डिज़ाइन करने में उनके योगदान के लिए पोस्टमास्टर जनरल एवं प्रो-चांसलर द्वारा सम्मानित भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *