लखनऊ में तिरंगे के महत्व और देशभक्ति का संदेश युवाओं तक पहुंचाने के लिए 14 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। लखनऊ युवा शक्ति की ओर से आयोजित यात्रा का रूट 1090 चौराहे से पॉलिटेक्निक चौराहे तक तय किया गया है। यात्रा सुबह 11 बजे शुरू होगी। यात्रा को लेकर बुधवार को गोमतीनगर स्थित किसान बाजार के मीटिंग पॉइंट पर बैठक हुई। आयोजकों ने बताया कि इसमें हजारों छात्र और युवा शामिल होंगे। युवा दोपहिया और चार पहिया वाहनों के साथ यात्रा में हिस्सा लेंगे। आयोजकों के मुताबिक, यात्रा का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी और खासकर जेन-जी युवाओं को तिरंगे का महत्व बताना है। इसके जरिए युवाओं में देश के प्रति जिम्मेदारी, राष्ट्रप्रेम और सकारात्मक सोच का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा। तिरंगा यात्रा और युवा जागरूकता अभियान लखनऊ युवा शक्ति ने युवाओं से अपने मित्रों और साथियों के साथ अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि यह एक जागरूकता अभियान है, जिसका मकसद युवाओं को जोड़ना और उनमें देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि यह किसी राजनीतिक दल या नेता का कार्यक्रम नहीं है। इसी वजह से यात्रा में राजनेताओं को आमंत्रित नहीं किया गया है। इसे पूरी तरह तिरंगा यात्रा और युवा जागरूकता अभियान के रूप में आयोजित किया जा रहा है। बैठक में लव सिंह, श्रीराम त्रिपाठी, राज शेख सिंह, रितेश सिंह और प्रशांत चतुर्वेदी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


