शामली के बाबरी में बुधवार को तिरंगे के सम्मान में एक भव्य मोटरसाइकिल तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसका शुभारंभ बाबरी सचिवालय से भाजपा जिलाध्यक्ष रामजीलाल के नेतृत्व में हुआ। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य लोग इस यात्रा में शामिल हुए। यह यात्रा बाबरी सचिवालय से शुरू होकर सीतापुरी, दुर्गा मंदिर, भारत माता चौक, मेन बाजार, झंडा चौक, कुरैशी मोहल्ला, होली चौक, पाल धर्मशाला, वाल्मीकि बस्ती, रविदास चौपाल और मिल रोड से गुजरी। इसका समापन रायपुर रोड स्थित दशमेश फार्म हाउस पर हुआ।
यात्रा के दौरान मोटरसाइकिल सवारों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। विभिन्न मार्गों पर स्थानीय लोगों ने यात्रा का स्वागत किया, जिससे क्षेत्र का माहौल देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। यात्रा के आयोजक भाजपा सिलावर मंडल अध्यक्ष रविंद्र कुमार सैनी ने सभी कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। पूर्व मंडल अध्यक्ष ऋषिपाल फौजी और समाजसेवी अनोखेलाल पाल सहित क्षेत्र के कई गांवों के गणमान्य व्यक्ति भी इस तिरंगा यात्रा में मौजूद रहे।


