रिहाना रियाज मेरठ में, कांग्रेस का ‘संगठन सर्जन अभियान’:2027 विधानसभा चुनाव लक्ष्य; मजबूत करने वालों को मिलेगा मौका

रिहाना रियाज मेरठ में, कांग्रेस का ‘संगठन सर्जन अभियान’:2027 विधानसभा चुनाव लक्ष्य; मजबूत करने वालों को मिलेगा मौका

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के निर्देश पर उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में ‘संगठन सर्जन अभियान’ के तहत एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान एआईसीसी पर्यवेक्षक (पूर्व मंत्री) रिहाना रियाज चिश्ती, पीसीसी पर्यवेक्षक (पूर्व विधायक) हरेंद्र अग्रवाल, विशाल वशिष्ठ और पवन दीक्षित मौजूद रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में रिहाना रियाज चिश्ती ने कहा कि वह एक ‘पोस्टमेन’ की भूमिका में हैं। उनका काम कार्यकर्ताओं और आम लोगों की बातों को आलाकमान तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति उनसे व्यक्तिगत रूप से या समूह में मिलकर अपनी बात रख सकता है। रियाज ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि उनकी बातें गोपनीय रखी जाएंगी और आलाकमान तक पहुंचाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट तैयार कर मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और वेणुगोपाल तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि अब उन शिकायतों को दूर किया जाएगा, जिनमें कहा जाता था कि संगठन में कुछ लोगों का कब्जा है और योग्य कार्यकर्ताओं को मौका नहीं मिलता। रिहाना रियाज ने बताया कि इस अभियान का मुख्य लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि यह अभियान अब अपने अंतिम चरण में है और केवल दो राज्यों को छोड़कर बाकी सभी जगहों पर यह पूरा हो चुका है, जिसके अच्छे परिणाम सामने आए हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *