संभल में सरकारी जमीन पर हुए अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री पोर्टल और संपूर्ण समाधान दिवस में मिली शिकायत के बाद राजस्व टीम ने बुलडोजर चलाकर लगभग 5 बीघा जमीन को कब्जा मुक्त कराया। इस जमीन पर बाउंड्रीवॉल बनाकर नमाज पढ़ी जा रही थी और एक मकान भी बना था। उक्त कार्रवाई बुधवार की दोपहर 12:30 बजे संभल तहसील के थाना सूली क्षेत्र के शाहपुर डसर गांव में हुई। थाना असमोली पुलिस की मौजूदगी में राजस्व प्रशासन की टीम ने दो घंटे के भीतर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। गाटा संख्या 278 में दर्ज यह भूमि लगभग 5 बीघा (300 एयर) है, जिसे सरकारी रिकॉर्ड में खाद के गड्ढे के लिए आरक्षित किया गया था। तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह ने नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल के नेतृत्व में एक टीम गठित की थी, जिसमें कानूनगो चंद्रपाल सिंह और लेखपाल देवेंद्र सैनी, आयुष कुमार, अंकुर कुमार, विकास कुमार शामिल थे। नायब तहसीलदार शुभम् प्रताप सिंह और थाना पुलिस भी मौके पर मौजूद थी। एसडीएम विकास चंद्र ने बताया कि कब्जाधारियों ने इस सरकारी जमीन पर बाउंड्रीवॉल बनाकर निर्माण कर लिया था। राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया और जमीन को सरकारी कब्जे में लिया। उन्होंने बताया कि यह जमीन सरकारी रिकॉर्ड में खाद के गड्ढे के रूप में दर्ज है, लेकिन इसे पास के कब्रिस्तान के साथ मिलाकर इस्तेमाल किया जा रहा था। शाहपुर डसर निवासी जितेंद्र सिंह पुत्र वहोरन सिंह ने संपूर्ण समाधान दिवस और मुख्यमंत्री पोर्टल सहित विभिन्न अधिकारियों से इस अवैध कब्जे की शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया था कि गाटा संख्या 278 में खाद घूर के गड्ढे हैं, जिस पर कुछ लोगों ने मकान बनाकर कब्जा कर लिया है और वहां नमाज भी अदा की जाती है। प्रशासन ने दीवार को बुलडोजर से ढहा दिया है और मकान मालिकों को जगह खाली करने के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है।


