एनडीआरएफ ने गाजियाबाद में निकाली ‘हर घर तिरंगा’ रैली:अभियान के तहत देशभक्ति और एकता का संदेश दिया

एनडीआरएफ ने गाजियाबाद में निकाली ‘हर घर तिरंगा’ रैली:अभियान के तहत देशभक्ति और एकता का संदेश दिया

गाजियाबाद में 8वीं वाहिनी एनडीआरएफ ने बुधवार को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत एक साइकिल-बाइक रैली का आयोजन किया। इस भव्य रैली का उद्देश्य देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाना था। एनडीआरएफ के अधिकारियों और जवानों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का नेतृत्व 8वीं वाहिनी एनडीआरएफ के कमांडेंट सुदेश कुमार ने किया। तिरंगे से सजी साइकिलों और बाइकों पर सवार जवानों ने पूरे क्षेत्र में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘हर घर तिरंगा-हर दिल तिरंगा’ जैसे नारों से माहौल देशभक्तिमय हो गया। इस रैली के माध्यम से आमजन को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। एनडीआरएफ जवानों ने लोगों को बताया कि तिरंगा देश की स्वतंत्रता, शौर्य, त्याग, एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने राष्ट्रध्वज की गरिमा और सम्मान बनाए रखने की अपील भी की। कमांडेंट सुदेश कुमार ने इस अवसर पर कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, गौरव और एकजुटता की सामूहिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने नागरिकों से इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करने का आह्वान किया। रैली का शुभारंभ वाहिनी मुख्यालय के प्रशासनिक ब्लॉक से हुआ। यह रैली केंद्रीय विद्यालय, शिव मंदिर और हरसांव से होते हुए वापस वाहिनी मुख्यालय पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। रैली में एनडीआरएफ के कई अधिकारियों और जवानों ने हिस्सा लिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *