बदायूं में कांवड़ यात्रा के दौरान बरेली-मथुरा हाइवे पर कई घंटे तक लगे जाम के मामले में एसएसपी ने कार्रवाई की है। कछला चौकी प्रभारी रिंकू सिंह को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। यह घटना शनिवार रात की है, डीएम और एसएसपी कछला गंगाघाट का निरीक्षण करने निकले थे। इस दौरान उन्हें उझानी के आगे भीषण जाम की सूचना मिली। अधिकारियों की गाड़ियां भी काफी देर तक जाम में फंसी रहीं, जिससे कई घंटों तक आवागमन बाधित रहा। स्थिति को संभालने के लिए एसपी सिटी अभिषेक सिंह कछला गंगाघाट पर मौजूद थे। उनकी देखरेख में यातायात को बिल्सी की ओर डायवर्ट किया गया। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू रूप से बहाल किया जा सका। मामले की जांच के बाद यह सामने आया कि कछला पुलिस चौकी प्रभारी रिंकू सिंह अपनी ड्यूटी में शिथिलता बरत रहे थे। उन्होंने कांवड़ यात्रा को लेकर अधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों का भी पालन नहीं किया था। उनकी इसी लापरवाही के कारण हाइवे पर लंबा जाम लगा। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया।


