सागर में साइबर ठगों ने इस बार स्वतंत्रता संग्राम सेनानी को अपना निशाना बनाया है। उनके बैंक खाते से 1.76 लाख रुपए निकाल लिए गए। पैसे निकलने के बाद भी उनके मोबाइल पर कोई मैसेज नहीं आया। मामला सामने आते ही उन्होंने एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की है। शिकायत पर साइबर सेल की टीम जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ताराचंद जैन का बैंक खाता पिछले करीब 80 सालों से कटरा बाजार स्थित सेंट्रल बैंक की शाखा में है। इस खाते में उनकी पेंशन आती है। इसी बीच अज्ञात ठग ने उनके खाते से रुपए निकाल लिए। मंगलवार को उनके बेटे संतोष जैन बैंक पहुंचा और खाता देखा तो उसमें रुपए नहीं थे। ठगी होने पर उन्होंने पिता ताराचंद जैन के साथ एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत की। मंदिर में दान करने जमा कर रहे थे रुपए बेटे संतोष जैन ने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पिता ताराचंद जैन के खाते से 1 लाख 76 हजार 902 रुपए निकाले गए हैं। बैंक खाते की जानकारी लेने पहुंचे तो बताया गया कि तीन ट्रांजेक्शन कर रुपए निकाले गए हैं। पहले ट्रांजेक्शन में एक लाख, दूसरे में 2 रुपए और तीसरे ट्रांजेक्शन में 76900 रुपए निकाले गए हैं। उन्होंने बताया कि पिता यह राशि मंदिर में दान करने के लिए जमा कर रहे थे। लेकिन अज्ञात ठग ने निकाल लिया। पैसे निकाले जाने का न तो कोई मैसेज हमारे पास आया और न ही कोई कॉल आया था। उन्होंने शिकायत करते हुए मामले में कार्रवाई करने और रुपए वापस दिलाने की मांग की है।


