अंबेडकरनगर में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां जोरों पर हैं। जिले भर में 15 अगस्त के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों, तिरंगा यात्राओं, सांस्कृतिक आयोजनों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में 13 अगस्त को एक वृहद तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। बुधवार को जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने बताया कि जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तिरंगा झंडों का निर्माण कराया जा रहा है। इस पहल से महिलाओं को आय अर्जित करने का अवसर मिल रहा है, साथ ही स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों के लिए स्थानीय स्तर पर तिरंगे की उपलब्धता भी सुनिश्चित हो रही है। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। इसके अतिरिक्त, सांस्कृतिक कार्यक्रम, तिरंगा कॉन्सर्ट और विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों को राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जनपद स्तर पर 13 अगस्त को निकलने वाली वृहद तिरंगा यात्रा में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ स्कूली बच्चे और आम नागरिक भी शामिल होंगे। प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस यात्रा में शामिल होकर इसे सफल बनाएं। इस यात्रा का उद्देश्य स्वतंत्रता, राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।


