पौने दो लाख विद्यार्थियों के बोर्ड परीक्षा फार्म अटकेंगे:MP में अपार आईडी बनाने की अनिवार्यता बन रही बाधक, अगले सेशन से अनिवार्य करने लिखा लेटर

पौने दो लाख विद्यार्थियों के बोर्ड परीक्षा फार्म अटकेंगे:MP में अपार आईडी बनाने की अनिवार्यता बन रही बाधक, अगले सेशन से अनिवार्य करने लिखा लेटर

प्रदेश के पौने दो लाख विद्यार्थियों की दसवीं और बारहवीं कक्षा की परीक्षा आवेदन में भारत सरकार की APAAR (ऑटोमेटेड परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री) आईडी व्यवस्था बाधक बन सकती है। इसे देखते हुए चालू शिक्षा सत्र से इस आईडी की अनिवार्यता खत्म करने की मांग स्कूल शिक्षा विभाग ने माध्यमिक शिक्षा मंडल से की है। दरअसल कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए APAAR ID बनाने के लिए तय समय सीमा में यह आईडी नहीं बन पा रही है। इसके बाद लोक शिक्षण संचालनालय ने माध्यमिक शिक्षा मंडल को इसकी समय सीमा बढ़ाने के लिए कहा है। लोक शिक्षण संचालनालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 9वीं के नामांकन तथा कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा आवेदन प्रक्रिया में APAAR ID को वैकल्पिक ID के रूप में स्वीकार करने और आवेदन की अंतिम तिथि 16 अगस्त 2026 तक बढ़ाने को भी कहा है। लोक शिक्षण संचालनालय समग्र शिक्षा (सेकेंडरी एजुकेशन) की ओर से सचिव माध्यमिक शिक्षा मंडल को लिखे पत्र में कहा गया है कि माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं के आवेदन तथा कक्षा 9वीं के नए विद्यार्थियों के नामांकन आवेदन में UDISE पोर्टल पर आधारित APAAR ID को अनिवार्य जानकारी के रूप में मांगा गया है। वर्तमान शैक्षणिक सत्र में कक्षा 9वीं से 12वीं तक करीब 80 प्रतिशत विद्यार्थियों की APAAR ID बन चुकी है, जबकि लगभग 20 प्रतिशत विद्यार्थियों की APAAR ID बनना अभी बाकी है। संचालनालय ने आशंका जताई है कि यदि APAAR ID को अनिवार्य रखा गया तो जिन विद्यार्थियों की ID अभी नहीं बनी है, वे कक्षा 9वीं के नामांकन और कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा आवेदन से वंचित हो सकते हैं। इससे विद्यार्थियों के वार्षिक परीक्षा में शामिल होने में भी परेशानी उत्पन्न हो सकती है। यहां बता दें कि प्रदेश में करीब नौ लाख विद्यार्थी हाईस्कूल परीक्षा देने वाले हैं। APAAR ID की जगह ऑप्शनल ID की मांग विद्यार्थियों की परेशानी को देखते हुए लोक शिक्षण संचालनालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा 9वीं के नामांकन आवेदन तथा कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा आवेदनों में APAAR ID को फिलहाल वैकल्पिक ID के रूप में स्वीकार करने का अनुरोध किया है। साथ ही आवेदन की अंतिम तिथि 16 अगस्त 2026 तक बढ़ाने की मांग की गई है, ताकि सभी विद्यार्थी आसानी से अपने नामांकन एवं परीक्षा आवेदन जमा कर सकें। 2027-28 से APAAR ID अनिवार्य करने का प्रस्ताव संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि आगामी शैक्षणिक सत्र 2027-28 के परीक्षा आवेदनों में APAAR ID को अनिवार्य ID के रूप में रखा जा सकता है। इससे विद्यार्थियों को पर्याप्त समय में APAAR ID बनवाने का अवसर मिल जाएगा और भविष्य में परीक्षा आवेदन प्रक्रिया के दौरान किसी विद्यार्थी को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *