दवा लेकर लौट रहे युवकों पर जानलेवा हमला:चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, हत्या के प्रयास में 15 पर मुकदमा दर्ज

दवा लेकर लौट रहे युवकों पर जानलेवा हमला:चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, हत्या के प्रयास में 15 पर मुकदमा दर्ज

सिद्धार्थनगर के अजादनगर में मंगलवार देर रात दवा लेकर लौट रहे युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया गया। हमलावरों ने पहले युवकों के वाहन को रोककर घेर लिया और ईंट-पत्थर बरसाए। इसके बाद तलवार और चाकू जैसे धारदार हथियारों से भी हमला करने का आरोप है। घटना में फैसल नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सिंचाई विभाग रोड पर रोका वाहन पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 10:30 बजे विमल पांडेय अपने साथियों के साथ वाहन संख्या यूपी-60 एसी-2222 से एक परिचित के लिए दवा लेकर लौट रहे थे। अजादनगर स्थित सिंचाई विभाग रोड पर पहुंचते ही ‘बड़का’ नामक व्यक्ति अपने कई साथियों के साथ सड़क पर आ गया और वाहन रोकने का प्रयास किया। वाहन पर बरसाए ईंट-पत्थर, धारदार हथियारों से हमला आरोप है कि वाहन आगे बढ़ने पर हमलावरों ने ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। इसके बाद तलवार और चाकू से भी हमला किया गया। वाहन में भी तोड़फोड़ की गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि एक मकान की छत से लगातार ईंट-पत्थर फेंके जा रहे थे। वाहन सवार किसी तरह वहां से जान बचाकर निकले और पुलिस को सूचना दी। रास्ते में घेरकर फैसल पर दोबारा हमला किया घटना के कुछ देर बाद फैसल अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में हमलावरों ने उसे दोबारा घेर लिया। उसके साथ मारपीट करते हुए तलवार और चाकू से कई वार किए गए। हमले में उसके होंठ पर गंभीर चोट आई और वह सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। आरोप है कि बेहोश होने के बाद भी हमलावर उसकी पिटाई करते रहे। बचाने पहुंचे लोगों पर भी किया हमला फैसल के साथ मारपीट और शोर की आवाज सुनकर आसपास के लोग बचाव के लिए पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उन लोगों पर भी धारदार हथियारों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल फैसल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। 15 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की भूमिका के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *