खरगोन में 24 घंटे में 8 इंच बारिश:अपरवेदा बांध का तीसरा गेट खोला; 24 गांवों में अलर्ट, निचले इलाकों में प्रशासन की निगरानी बढ़ी

खरगोन में 24 घंटे में 8 इंच बारिश:अपरवेदा बांध का तीसरा गेट खोला; 24 गांवों में अलर्ट, निचले इलाकों में प्रशासन की निगरानी बढ़ी

खरगोन में मौसम विभाग के अलर्ट के बीच जिले में भारी बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे में जिले में औसतन करीब 8 इंच बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण कुंदा और वेदा नदियां उफान पर हैं। वहीं, जलस्तर बढ़ने के बाद अपरवेदा बांध का तीसरा गेट एक मीटर तक खोलना पड़ा। इसके बाद निचले क्षेत्र के 24 गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। शहर में सड़कों पर भरा डेढ़ फीट तक पानी रातभर हुई तेज बारिश के कारण खरगोन शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। सराफा बाजार, सनावद रोड और खंडवा रोड पर करीब एक से डेढ़ फीट तक पानी जमा हो गया। बैंक कॉलोनी के कुछ घरों में भी पानी घुस गया, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लगातार बारिश के चलते शहर के निचले इलाकों में प्रशासन की निगरानी बढ़ा दी गई है। अपरवेदा बांध का तीसरा गेट खोला पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश होने से कुंदा और वेदा नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा। इसके चलते अपरवेदा बांध का तीसरा गेट रात में करीब एक मीटर तक खोला गया। बांध से पानी छोड़े जाने के बाद निचले हिस्से में आने वाले 24 गांवों को अलर्ट पर रखा गया है। कोटवारों और पंचायतों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। गोगांवा में सबसे ज्यादा 8.7 इंच बारिश पिछले 24 घंटे में जिले में सबसे ज्यादा बारिश गोगांवा में 8.7 इंच दर्ज की गई। इसके अलावा खरगोन में 8 इंच, भीकनगांव और झिरन्या में 7.3 इंच, सेगांव और कसरावद में 3.9 इंच, भगवानपुरा में 3.8 इंच, महेश्वर में 3 इंच तथा बड़वाह और सनावद में 1-1 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई। बारिश के बीच कम संख्या में स्कूल पहुंचे बच्चे बुधवार को जिले में भारी बारिश के बावजूद स्कूलों की छुट्टी घोषित नहीं होने के कारण सुबह कम संख्या में बच्चे स्कूल पहुंचे। जिला शिक्षा अधिकारी तेजसिंह राठौर ने बताया कि इस संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की ओर से लोगों से नदियों, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है। लगातार बारिश को देखते हुए निचले इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *