राजस्थान में बुधवार को एक बार फिर 5 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, बाकी सभी जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इससे पहले मंगलवार को चित्तौड़गढ़ में 3 इंच, जबकि दूसरे जिलों में 2 इंच तक पानी बरसा। जयपुर में दिन में घने काले बादल छाए और दोपहर से देर शाम तक रुक-रुककर हल्की बारिश होती रही। मौसम विशेषज्ञों ने बताया- 14 अगस्त से राज्य में मानसून कमजोर होगा और अगले एक सप्ताह तक राज्य में बहुत कम बारिश या कहें अधिकांश जगह मौसम शुष्क देखने को मिल सकता है। पिछले 24 घंटे के दौरान चित्तौड़गढ़ के डूंगला में सबसे ज्यादा 77MM बरसात दर्ज हुई। चित्तौड़गढ़ के ही गंगरार में 50, अजमेर के किशनगढ़ में 43, दौसा के सैंथल में 39, नागौर के परबतसर में 58, मकराना में 23, प्रतापगढ़ के अरनोद में 43, दलोत में 40, डूंगरपुर के गलियाकोट में 28, सवाई माधोपुर के बामनवास में 50, उदयपुर के कुराबाद में 60, सीकर के अजीतगढ़ में 27, झालावाड़ के गंगधर में 28 और अलवर के टहला में 39MM बरसात दर्ज हुई। इन जिलों के अलावा भरतपुर, टोंक, बाड़मेर,जालौर, गंगानगर, कोटा, झुंझुनूं, जयपुर, धौलपुर, करौली समेत अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। राजस्थान में मौसम की तस्वीर… गंगानगर, जैसलमेर में सबसे ज्यादा तापमान कल दिन का सबसे अधिक अधिकतम तापमान गंगानगर में 38.5 डिग्री सेल्सियस, जैसलमेर में 38.6, बीकानेर में 38, फलोदी में 36.6, दौसा में 35.7, चूरू में 34 और बाड़मेर में 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। ये शहर सबसे गर्म रहे बारिश कम होगी, एक सप्ताह मौसम शुष्क रहेगा मौसम विशेषज्ञों ने बताया- मानसून ट्रफ अभी बीकानेर, सीधी(मध्य प्रदेश), रांची (झारखंड), दीघा (वेस्ट बंगाल) होते हुए बंगाल की खाड़ी तक गुजर रही है। लो-प्रेशर सिस्टम अब भी मध्य प्रदेश के ऊपर बना हुआ है। ये सिस्टम आगे बढ़कर कमजोर होने की संभावना है। इस दौरान 12, 13 अगस्त को राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रहेगी। लेकिन 14 अगस्त से मानसून कमजोर फेज में आ जाएगा। इस दौरान जोधपुर, उदयपुर व अजमेर संभाग के अधिकांश भागों से बारिश की गतिविधियों में कमी होगी। हालांकि उत्तर-पूर्वी भागों में मध्यम दर्जे की बारिश कुछ स्थानों पर होने की संभावना है।
राजस्थान के प्रमुख शहरों में मौसम का हाल जयपुर में मंगलवार सुबह से दोपहर तक मौसम शुष्क रहा। आसमान में हल्के बादल छाए रहने से हल्की गर्मी और उमस रही। दोपहर बाद जयपुर शहर के मौसम में बदलाव हुआ। घने काले बादल छाए और तेज हवा चलने के साथ शहर के कई इलाकों में रिमझिम बारिश शुरू हो गई, जो देर शाम तक जारी रही। इस दौरान जयपुर शहर में सड़कों पर पानी भर गया और ट्रेफिक जाम की समस्या हो गई। बारिश और हवा चलने से शहर में लोगों को गर्मी-उमस से राहत मिली। जयपुर का अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर के सांगानेर एरिया में 16.2MM, आमेर में 37, चौंमू में 30, जमवारामगढ़ में 35, तूंगा में 22 और जालसू में 18MM बरसात दर्ज हुई। कोटा में मंगलवार को आसमान में काले बादल छाए। कई इलाकों में रिमझिम बरसात हुई। अधिकतम तापमान 2 डिग्री बढ़कर 33.9 डिग्री दर्ज हुआ। वहीं, न्यूनतम तापमान दो डिग्री गिरकर 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इधर नवनेरा बांध से पानी की निकासी लगातार की जा रही है। दोपहर तीन बजे से करीब बांध 22 गेट 64 मीटर खोलकर 2.88 लाख क्यूसेक पानी निकाला जा रहा है। अलवर में मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। दोपहर में कुछ देर के लिए मौसम खुला, लेकिन बादलों की मौजूदगी से गर्मी का असर कम रहा। इस दौरान हवा नहीं चलने से उमस महसूस हुई। शाम होते-होते फिर से घने बादल छा गए। हवा चलने लगीं, जिससे मौसम सुहावना हो गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज तेज बारिश का अलर्ट जारी किया था, हालांकि दिन में बारिश नहीं हुई। उदयपुर शहर में मंगलवार दोपहर करीब 15 मिनट तक रिमझिम बारिश हुई। दोपहर करीब ढाई से पौने तीन बजे तक शहर के कई इलाकों में बारिश का दौर चला। बारिश के बाद मौसम में ठंडक महसूस हुई। लोगों को गर्मी से राहत मिली। शहर के मोहता पार्क, पहाड़ी बस स्टैंड, चेतक सर्कल, एमबी अस्पताल रोड सहित कई इलाकों में रिमझिम बारिश हुई। करीब 15 मिनट बाद बारिश रुक गई। जिले के वल्लभनगर क्षेत्र में भी लंबे इंतजार के बाद अच्छी बारिश हुई। उदयपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर में मंगलवार को पूरे दिन बादलों की आवाजाही बनी रही। बारिश नहीं होने से दिनभर लोग उमस से परेशान नजर आए। सीकर में इस बार मानसून की औसत बारिश हुई है। फिलहाल 12 और 13 अगस्त को सीकर जिला मुख्यालय समेत आसपास के इलाकों में बारिश होने की संभावना है। सीकर में दिन का अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री और इससे पहले सुबह का न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री दर्ज किया गया। जोधपुर में मंगलवार मौसम साफ बना रहेगा। अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश की संभावना जताई है। अजमेर में मंगलवार सुबह से मौसम में बदलाव देखने को मिला। दोपहर में अचानक घने बादल छा गए। आसमान में अंधेरा हो गया। इसके बाद रिमझिम बारिश का दौर शुरू हुआ। जो रुक-रुककर चलता रहा। बारिश के साथ ठंडी हवा चलती रहीं। अजमेर का अधिकतम तापमान 32.8 और न्यूनतम 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।


