प्रदेश में भारी बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और नर्मदा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन आम लोगों से नदी से दूर रहने और सावधानी बरतने की अपील कर रहा है, लेकिन भैरूंदा तहसील में रेत खनन करने वालों पर इन चेतावनियों का बेअसर दिख रही हैं। यहां उफनती नर्मदा के बीच पनडुब्बियां और किश्तियां उतारकर बेखौफ रेत निकाली जा रही है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में कथित तौर पर नदी के बीचों-बीच पनडुब्बी से खनन होता दिख रहा है। अगर वीडियो सही है, तो बड़ा सवाल यह है कि इतने खौफनाक हालात में नदी के बीच मशीनें और पनडुब्बियां चलाने की अनुमति किसने दी? बरगी बांध के गेट खुले, 7 क्षेत्रों में अवैध खनन
मंडला और डिंडोरी में भारी बारिश के बाद बरगी बांध के गेट खोल दिए गए हैं, जिससे निचले इलाकों में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। एक तरफ खतरे को देखते हुए नदी किनारे न जाने की हिदायत दी जा रही है, वहीं दूसरी तरफ बाबरी, डिमावर, अंबा, बड़गांव, सीलकंठ, चौरसाखेड़ी और छिपानेर क्षेत्र में बेधड़क रेत निकाली जा रही है।


