Ahmedabad. राजस्थान के बालोतरा जिले की पचपदरा तहसील से गुजर रही एचपीसीएल की रिफाइनरी की पाइपलाइन में सेंध लगाकर क्रूड ऑयल की चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का गुजरात के आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) और राजस्थान पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस गिरोह से जुड़े आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।
गुजरात एटीएस ने मंगलवार को बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि गुजरात और राजस्थान के कुछ लोग मिलकर बालोतरा जिले में बंजर (खराबा) जमीन से गुजर रही एचपीसीएल की क्रूड ऑयल पाइपलाइन में पंचर कर क्रूड ऑयल की चोरी करते हैं। चोरी के क्रूड ऑयल को अहमदाबाद-राजकोट हाईवे पर बेचने की साजिश कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद एटीएस की टीम ने अहमदाबाद-राजकोट हाईवे पर कुवाडवा के पास सोखड़ा गांव जाने वाले रास्ते पर जयराज सिंह को हिरासत में लिया। उसके कब्जे में मिले क्रूड ऑयल के बारे में पूछताछ करने पर उसने यह क्रूड ऑयल राजस्थान के बालोतरा जिले के कालूड़ी गांव से लाने की बात बताई। इसके बाद एटीएस की टीम ने साजिश में शामिल अन्य 7 आरोपियों को राजस्थान पुलिस की मदद से बालोतरा के टापरा गांव के पास स्थित एक ढाबे से हिरासत में ले लिया। इसके बाद इन आरोपियों को राजस्थान के जसोल पुलिस थाने ले जाया गया।
कालूडी गांव के पास पंचर कर लगाया वाल्व
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बालोतरा जिले की पचपदरा तहसील के कालूड़ी गांव में बंजर (खराबा) जमीन पर करीब 3 से 4 फीट गहरा गड्ढा खोदकर एचपीसीएल की क्रूड ऑयल पाइपलाइन में अवैध तरीके से पंचर किया था। उसमें वाल्व लगाकर ऑयल की चोरी करते थे। आरोपियों की जानकारी के आधार पर एचपीसीएल अधिकारियों को सूचना दी गई। राजस्थान पुलिस को साथ लेकर सोमवार को संबंधित स्थान पर जांच की गई, तो पाइपलाइन में पंचर कर लगाया गया वाल्व मिला। इस मामले में राजस्थान के जसोल पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। सिक्युरिटी सुपरवाइजर श्रवण कुमार जाट (24) ने आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। एफआइआर के तहत यह घटना 9 अगस्त को हुई, जिसका पता 10 अगस्त रात में चला।
ये 8 आरोपी किए गए गिरफ्तार
पकड़े गए आरोपियों में गुजरात के महेसाणा जिले के नागलपुर गांव निवासी घनश्याम सोनी (54), चालासण निवासी रमेश ठाकोर (41), महेश ठाकोर (32), जोटाणा निवासी सुरेजी ठाकोर (32), राजकोट जिले के धोराजी निवासी जयसिंह चुडास्मा (34), राजस्थान के जालोर जिले के जसवंतपुरा के मूल निवासी और वर्तमान में अहमदाबाद निवासी मुकेश कुमार मेघवाल (44), गांधीनगर जिले के कलोल निवासी रणजीत चोरसिया (48) और उत्तरप्रदेश के इटावा जिले के आसपुर निवासी दिलीप यादव (35) शामिल हैं।
दो टैंकर क्रूड ऑयल बेचने का खुलासा
गुजरात एटीएस के सूत्रों के अनुसार आरोपियों ने 10-10 टन क्रूड ऑयल के दो टैंकर ऑयल चोरी करने के बाद उसे राजस्थान के ब्यावर निवासी गोविंद सिंह चौहान को बेचा है। छह दिन पहले एक और तीन दिन पहले दूसरा टैंकर बेचने की बात सामने आई है।
छह माह से कर रहे थे रैकी, एक माह से पास में रुके
एटीएस सूत्रों के तहत जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य छह महीने से इस पाइपलाइन की रैकी कर रहे थे। मुख्य आरोपी घनश्याम पाइपलाइन देखने महेसाणा से जालोर जिले के जसवंतपुरा निवासी मुकेश मेघवाल के घर रुका था। मुकेश इस मामले में स्थानीय मुख्य आरोपी है। रैकी के बाद करीब एक हीने से रंजीत, रमेश, सुरेजी, महेश, दिलीप यादव टापरा गांव के पास ढाबे पर रुके थे।


