हरदोई के कछौना थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम राष्ट्रीय राजमार्ग पर मजदूरों से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 12 मजदूर घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना शाम करीब 5:15 बजे पीएनसी कैंप कार्यालय के पास फ्लाईओवर पर हुई। बताया गया कि पिकअप में कुल 27 मजदूर सवार थे। सभी उन्नाव जिले से भसीड़े (कमल ककड़ी) खोदकर अपने घर लौट रहे थे। कछौना थाना क्षेत्र के फ्लाईओवर पर पहुंचते ही पिकअप के दोनों टायर अचानक फट गए। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप हाईवे पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तत्काल मदद के लिए पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में जुट गए। सूचना मिलते ही एनएचएआई की 1033 एंबुलेंस सेवा भी मौके पर पहुंच गई। सभी 12 घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना ले जाया गया। सीएचसी में चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। डॉक्टरों के मुताबिक, नौ मजदूरों की हालत उपचार के बाद स्थिर है, जबकि तीन की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए हरदोई जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को हटवाकर हाईवे पर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है।


