मुजफ्फरनगर में सावन शिवरात्रि के पावन अवसर पर मंगलवार को शहर के हृदयस्थल शिव चौक पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। देर शाम करीब आठ बजे भगवान भोलेनाथ की आरती शुरू होते ही पूरा शिव चौक ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठा। महाआरती में मुख्य यजमान के रूप में प्रदेश के राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा पहुंचे। सभी ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। विद्वान पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच पंचामृत अभिषेक कराया गया, जिसके बाद भगवान शिव की भव्य महाआरती संपन्न हुई। आरती के दौरान शिव चौक पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब नजर आया। स्थानीय लोगों के साथ कांवड़ यात्रा पूरी करने के बाद भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लेने पहुंचे बड़ी संख्या में शिवभक्त भी महाआरती में शामिल हुए। चारों ओर गूंजते जयकारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। सावन शिवरात्रि पर कांवड़ यात्रा के समापन के बाद आयोजित महाआरती को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। भारी भीड़ के बीच पुलिसकर्मी लगातार व्यवस्था संभालते नजर आए और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु बनाए रखा। महाआरती के बाद शिव मूर्ति मंडल के संचालक शंकर स्वरूप बंसल ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों को प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने कहा कि सावन माह के दौरान मुजफ्फरनगर पुलिस और प्रशासन शिवभक्तों की सेवा और सुरक्षा में पूरी तरह जुटा रहा। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ की महाआरती में शामिल होना उनके लिए आध्यात्मिक अनुभव रहा। सावन शिवरात्रि की रात शिव चौक पर हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष ने पूरे शहर को शिवभक्ति के रंग में रंग दिया।


