Indian Railway News: यूपी-राजस्थान जाने वाले यात्रियों के लिए खुशखबर, नियमित अमृत भारत एक्सप्रेस को मिली मंजूरी

Indian Railway News: यूपी-राजस्थान जाने वाले यात्रियों के लिए खुशखबर, नियमित अमृत भारत एक्सप्रेस को मिली मंजूरी

सूरत। दक्षिण गुजरात में बसे उत्तर प्रदेश और राजस्थान के रेल यात्रियों के लिए रेलवे प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। रेल मंत्रालय ने उधना से प्रयागराज जंक्शन के बीच वर्तमान में चल रही स्पेशल ट्रेन को अब नियमित अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में संचालित करने की मंजूरी दे दी है। यह गुजरात से चलने वाली तीसरी अमृत भारत एक्सप्रेस होगी। इससे यात्रियों को आधुनिक और आरामदायक रेल सफर की सुविधा मिलेगी।

जल्द घोषित होगी तारीख

रेलवे बोर्ड ने अपने आदेश में बताया कि ट्रेन संख्या 04125/26 स्पेशल को अब स्थाई रूप से ट्रेन संख्या 20437/20438 प्रयागराज-उधना-प्रयागराज अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में संचालित किया जाएगा। पश्चिम रेलवे जल्द ही इसके नियमित संचालन की तिथि घोषित करेगा। साप्ताहिक शेड्यूल के अनुसार, ट्रेन संख्या 20437 प्रयागराज-उधना अमृत भारत एक्सप्रेस हर सोमवार सुबह 5.20 बजे प्रयागराज से रवाना होकर अगले दिन मंगलवार सुबह 4.05 बजे उधना पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर ठहराव

वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 20438 उधना-प्रयागराज अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक मंगलवार सुबह 7.30 बजे उधना से रवाना होकर बुधवार सुबह 6.45 बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंचेगी। गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश को आपस में जोड़ने वाली यह ट्रेन वडोदरा, रतलाम, भवानीमंडी, रामगंज मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, हिंडौन सिटी, बयाना, आगरा ईदगाह, टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी और फतेहपुर जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी।

तीन स्पेशल ट्रेनों को नियमित करने का फैसला

रेल मंत्रालय ने कुल तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों को नियमित करने की मंजूरी दी है। इनमें उधना-प्रयागराज के अलावा प्रयागराज-लोकमान्य तिलक टर्मिनल की दो सेवाएं शामिल हैं। उधना ट्रेन के लिए एक विशेष अमृत भारत रेक की व्यवस्था की गई है। इस नियमित सेवा से सूरत और उधना क्षेत्र में रहने वाले लाखों उत्तर भारतीय प्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। खास तौर पर उत्तर प्रदेश और राजस्थान की ओर जाने वाले यात्रियों को नियमित रेल सेवा मिलने से यात्रा की योजना बनाना आसान होगा।

कर्णावती एक्सप्रेस को नवसारी में मिला नया ठहराव

वहीं, गुजरात और मुंबई के बीच यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए भी राहत भरी खबर है। पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रसिद्ध कर्णावती एक्सप्रेस का नवसारी रेलवे स्टेशन पर प्रायोगिक आधार पर अतिरिक्त ठहराव देने का निर्णय लिया है। पश्चिम रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 12933 बांद्रा टर्मिनस-वटवा कर्णावती एक्सप्रेस 14 अगस्त से नवसारी स्टेशन पर रुकेगी। इसी तरह, वापसी में ट्रेन संख्या 12934 अहमदाबाद-बांद्रा टर्मिनस कर्णावती एक्सप्रेस का नवसारी स्टेशन पर ठहराव 15 अगस्त से प्रभावी होगा।

समय में आंशिक बदलाव

नवसारी में नया ठहराव जोड़ने के कारण रेलवे प्रशासन ने वलसाड और सूरत स्टेशनों पर इस ट्रेन के आगमन और प्रस्थान के समय में आंशिक बदलाव किया है। हालांकि, मार्ग के अन्य सभी स्टेशनों पर कर्णावती एक्सप्रेस के ठहराव और समय सारणी में कोई बदलाव नहीं किया गया है। रेलवे के इस फैसले से नवसारी और आसपास के क्षेत्रों के दैनिक यात्रियों तथा कारोबारियों को बांद्रा और अहमदाबाद की ओर आने-जाने में सुविधा मिलेगी। खास तौर पर रोजाना नौकरी, कारोबार और अन्य कामों के लिए यात्रा करने वाले लोगों को नए ठहराव का लाभ मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *