RVNL Q1 Results: सालाना आधार पर 18% बढ़ा रेल विकास निगम का मुनाफा, रेवेन्यू 10% उछला, लेकिन तिमाही आधार पर आई बड़ी गिरावट

RVNL Q1 Results: सालाना आधार पर 18% बढ़ा रेल विकास निगम का मुनाफा, रेवेन्यू 10% उछला, लेकिन तिमाही आधार पर आई बड़ी गिरावट

Rail Vikas Nigam Limited यानी RVNL ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में सालाना आधार पर अच्छा परफॉर्म किया है। कंपनी का जून तिमाही में कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 18.5% बढ़कर 159.36 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा 134.53 करोड़ रुपये था। हालांकि, पिछली तिमाही के मुकाबले तस्वीर थोड़ी अलग रही। जनवरी से मार्च 2026 की तिमाही में आरवीएनएल का मुनाफा 187.07 करोड़ रुपये था, जो अब 14.8% घट गया है।

रेवेन्यू में 10.6% की बढ़ोतरी

आरवीएनएल का ऑपरेशनल रेवेन्यू जून तिमाही में 4,321.23 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले इसी अवधि में यह 3,908.77 करोड़ रुपये था। यानी कंपनी के रेवेन्यू में सालाना आधार पर 10.6% की बढ़ोतरी हुई है। लेकिन तिमाही आधार पर कंपनी के रेवेन्यू में बड़ी गिरावट आई है। मार्च तिमाही में ऑपरेशनल रेवेन्यू 6,695.91 करोड़ रुपये था। इसके मुकाबले जून तिमाही में रेवेन्यू 35.5% कम है। कंपनी के कुल खर्च की बात करें तो यह सालाना आधार पर करीब 7% बढ़कर 4,244.91 करोड़ रुपये रहा। हालांकि, पिछली तिमाही के मुकाबले खर्च करीब 35% घट गया।

EBITDA में बड़ी छलांग

जून तिमाही में आरवीएनएल के एबिटडा में बड़ा उछाल आया है। कंपनी का एबिटडा 185.4 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की समान तिमाही में यह सिर्फ 56 करोड़ रुपये था। इसका सीधा असर एबिटडा मार्जिन पर भी पड़ा। यह एक साल पहले के 1.43% से बढ़कर 4.3% हो गया। यानी कंपनी की ऑपरेशनल अर्निंग कैपेसिटी में सुधार देखने को मिला है।

गिरावट के साथ बंद हुआ शेयर

तिमाही नतीजों के दिन आरवीएनएल का शेयर गिरावट के साथ बंद हुआ है। यह शेयर एनएसई पर 0.29 फीसदी या 0.68 रुपये गिरकर 230 रुपये पर बंद हुआ है। यह शेयर अभी अपने 52 सप्ताह के ऊपरी स्तर से काफी नीचे है। इस शेयर ने 29 दिसंबर 2025 को 400.90 रुपये का 52 सप्ताह का उच्च स्तर छुआ था। इसके बाद शेयर में लगातार दबाव देखने को मिला और 28 जुलाई 2026 को यह 220.25 रुपये के 52 सप्ताह के निचले स्तर तक पहुंच गया। इस शेयर ने 1 महीने में -1.15 फीसदी, 1 साल में -32.85 फीसदी, 3 साल में 82.39 फीसदी और 5 साल में 691 फीसदी रिटर्न दिया है।

RVNL
PC: NSE

सेबी रजिस्टर्ड निवेश सलाहकार डॉ रवि सिंह के अनुसार, सालाना आधार पर रिजल्ट अच्छा रहा है, जबकि तिमाही आधार पर आंकड़े कमजोर रहे हैं। ऐसे में बाजार अब यह देखेगा कि कंपनी आने वाले महीनों में अपनी ऑर्डर बुक और प्रोजेक्ट्स की मदद से रेवेन्यू में दोबारा कितनी तेजी ला पाती है।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी मात्र है। यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट/म्यूचुअल फंड में निवेश जोखिम भरा होता है। कहीं भी पैसा लगाने से पहले अपने निवेश सलाहकार से परामर्श लें।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *