मौसम विभाग ने कोटा संभाग में आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज सुबह नवनेरा बांध में पानी की अच्छी आवक के बाद 19 गेट खोले गए हैं। बांध से करीब 97 मीटर खोलकर 4.25 लाख क्यूसेक पानी निकाला जा रहा है। इधर सोमवार रात को दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस पे पर 1100 करोड़ की लागत से बनी मुकंदरा टनल में पहाड़ों से रिसाव होकर पानी भर गया। टनल से गुजरने वाले वाहनों के टायर डूब गए। उसके बावजूद टनल से वाहन गुजरते रहे। पहली बारिश में मेगा प्रोजेक्ट के ड्रेनेज सिस्टम की सच्चाई सामने ला दी। देर रात तक NHAI के अधिकारी जवाब देने से बचते रहे। नाले के तेज बहाव में बही भैंस रामगंजमंडी क्षेत्र में तेज बारिश हुई। रामगंजमंडी क्षेत्र के झिली-झिलारा गांव में नाले के तेज बहाव में भैंस बह गई। रामगंजमंडी कृषि उपज मंडी में पानी भर गया। कई हिस्सों में जलभराव की स्थित बन गई। मारवाड़ा चौकी नाला में पानी बहने लगा। इससे आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौसम विशेषज्ञों ने बताया- मानसून ट्रफ अभी बीकानेर, दतिया, उत्तरी मध्य प्रदेश पर स्थित लो-प्रेशर सिस्टम से होते हुए डालटनगंज, बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। इस सिस्टम के असर से कोटा, उदयपुर संभाग के जिलों में आज भी कहीं-कहीं भारी से अतिभारी बारिश होने की आशंका है। सामान्य से 41 प्रतिशत कम बारिश मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस सीजन में अब तक औसत से 41% कम बारिश हुई है। सामान्यतया जिले में 10 अगस्त तक औसत 458.4 मिमी बारिश होती है। इस सीजन में अभी तक 270.7 मिमी बारिश हुई है। इधर शहर में सोमवार दोपहर में बिजली की गड़गड़ाहट के साथ रिमझिम बरसात हुई। करीब डेढ़ घंटे हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। सोमवार को अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री न्यूनतम 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ 13.8 एमएम बारिश हुई। नवनेरा बांध के 19 गेट खोले, 4.25 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट (ईआरसीपी) में तहत बने पहले बांध नवनेरा के 27 गेट मेसे 19 गेट 97 मीटर खोल कर पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। जल संसाधन विभाग के JEN मनोज चौधरी ने बताया कि बांध की क्षमता 217 मीटर है। कैचमेंट एरिया में हो रही बारिश से परवन नदी, काली सिंघ छापी डेम ने पानी की आवक हो रही है। नवनेरा बांध के लेवल को मेंटेन रखने के लिए लगातार पानी की निकासी की जा रही है। रात को 3 लाख क्यूसेक तक डिस्चार्ज बढ़ाया था। जिसे आज तड़के 5 बजे 4.25 लाख किया है। जल संसाधन विभाग ने बांध के भराव क्षेत्र व नदी के बहाव से दूरी बनाए रखने की अलर्ट जारी किया है।


