Gujarat News: मोरबी के रहस्यमय कुएं में पानी की हलचल का राज खुलेगा, जीएसआई टीम ने लिए नमूने

Gujarat News: मोरबी के रहस्यमय कुएं में पानी की हलचल का राज खुलेगा, जीएसआई टीम ने लिए नमूने

मोरबी। जिले के वीरपरडा गांव में एक खेत के कुएं में पानी की रहस्यमय हलचल के बाद भूगर्भीय सर्वे ऑफ इंडिया (जीएसआई) की टीम ने स्थल का दौरा कर पानी के नमूने लिए। यह मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राज्य और राष्ट्रीय मीडिया में भी छाया रहा था, जिसमें इस कुएं की चर्चा देखने को मिली। वीरपरडा गांव में प्रांजीवनभाई सदरिया के खेत में स्थित इस कुएं में पानी का स्तर कभी स्थिर रहता है तो कभी अचानक हलचल करने लगता है।

सोशल मीडिया पर वायरल

पिछले 1 अगस्त से इस कुएं का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके बाद मोरबी की भूगर्भशास्त्री टीम और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने भी जांच की थी, लेकिन वे किसी स्पष्ट निष्कर्ष पर नहीं पहुंच पाई थीं। पानी की इस रहस्यमय हलचल का कारण अभी भी अज्ञात है। इसी के मद्देनजर भूगर्भीय सर्वे ऑफ इंडिया के निदेशक बिजयकुमार दास और उनकी टीम ने सोमवार को वीरपरडा गांव पहुंचकर कुएं का गहन निरीक्षण किया।

पानी के नमूने एकत्र किए

टीम ने मुख्य कुएं के साथ-साथ पास के एक अन्य कुएं से भी पानी के नमूने एकत्र किए हैं। इन नमूनों की जांच के बाद एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी, जिसे कलक्टर को सौंपा जाएगा। इस जांच से कुएं में पानी की हलचल के पीछे के वैज्ञानिक कारणों का पता लगने की उम्मीद है।इससे पहले जिला प्रशासन और भू-वैज्ञानिकों की टीम ने जांच के बाद इस घटना को पूरी तरह प्राकृतिक बताया था। सूचना मिलने पर जिला भू-वैज्ञानिक जेएस वाढेर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था। जांच में अधिकारियों ने साफ किया था कि इसका भूकंप या किसी तरह की भूकंपीय गतिविधि से कोई संबंध नहीं है।

दूसरे कुओं में पानी पूरी तरह शांत

बता दें कि यह कुआं जामनगर-अमृतसर राष्ट्रीय हाईवे के पास विरपारड़ा गांव में किसान प्रांजीवनभाई सदरिया के खेत में बना है। उन्होंने बताया कि कुआं करीब तीन महीने पहले तैयार हुआ था। इसका व्यास करीब 30 फीट और गहराई 18 फीट है। प्रांजीवनभाई के अनुसार कुएं का पानी लगातार हिलता हुआ नजर आता है, जबकि आसपास के दूसरे कुओं में पानी पूरी तरह शांत है।

घटना हैरानी का विषय

किसी अन्य कुएं में ऐसी स्थिति नहीं देखी गई है। इसी वजह से स्थानीय लोगों के लिए भी यह घटना हैरानी का विषय बनी हुई है। भू-वैज्ञानिकों के अनुसार क्षेत्र में लगातार हुई बारिश से जमीन के भीतर पानी का स्तर बढ़ रहा है। पानी जब चट्टानों के बीच की परतों तक पहुंचता है तो वहां मौजूद हवा दबाव के साथ बाहर निकलती है। हवा के दबाव और तेज हवा के असर से कुएं का पानी हिलता हुआ दिखाई देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *