गोंडा में सोमवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह करीब 10 बजे से आसमान में काले घने बादल छाए रहे और इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक हल्की हवाओं के साथ तेज बारिश हुई। इस दौरान करीब 5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों के लिए भी यह बारिश फायदेमंद साबित हुई। पिछले तीन दिनों से बारिश नहीं होने के कारण जिले में उमस और गर्मी बढ़ गई थी। लोग गर्मी से परेशान थे और बारिश का इंतजार कर रहे थे। सोमवार को अचानक हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया। खेतों में खड़ी फसलों के लिए भी बारिश को लाभकारी माना जा रहा है। आकाशीय बिजली को लेकर अलर्ट मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए अलर्ट जारी करते हुए हल्की हवाओं के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है। साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विभाग ने अगले तीन दिनों तक जिले में हल्की हवाओं के साथ मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। सामान्य से 17 फीसदी कम बारिश आंकड़ों के मुताबिक, गोंडा में 1 जून से 10 अगस्त तक सामान्य रूप से 509.5 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी, जबकि अब तक 424.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। इस तरह जिले में अब तक सामान्य से करीब 17 फीसदी कम बारिश हुई है। हालांकि जुलाई 2026 में हुई रिकॉर्ड बारिश के कारण बारिश का कुल ग्राफ बढ़ा है। पिछले साल अगस्त में बारिश नाममात्र की हुई थी, जबकि इस वर्ष अगस्त में हो रही बारिश किसानों के साथ आम लोगों के लिए भी राहत लेकर आई है। कलेक्ट्रेट में आपदा कंट्रोल रूम बारिश और मौसम संबंधी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए गोंडा जिला कलेक्ट्रेट में जिला आपदा कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। प्रशासन ने लोगों से मौसम खराब होने की स्थिति में सतर्क रहने और किसी भी समस्या की जानकारी कंट्रोल रूम तक पहुंचाने की अपील की है।

