फर्रुखाबाद में सावन के दूसरे सोमवार को जिले के शिव मंदिरों में भारी भीड़ उमड़ी। कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में लगकर शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और मन्नतें मांगीं। इस दौरान ‘बम-बम भोले’ के जयकारे गूंजते रहे। रेलवे रोड स्थित श्री पांडेश्वरनाथ मंदिर में सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था। सुबह नौ बजे तक मंदिर परिसर में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। कई श्रद्धालु पूजा की थाली और जल लेकर घंटों खड़े रहने के बाद थककर बैठ गए। कांवड़ियों के कई जत्थे भी मंदिर पहुंचे और शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। घुमना कोतवाली के पीछे स्थित श्री कोतवालेश्वरनाथ मंदिर और मोहल्ला अढ़तियान स्थित शिव मंदिर में भी दर्शनार्थियों की भारी भीड़ देखी गई। पांडेश्वरनाथ मंदिर के गर्भगृह के बाहर परिसर में संकीर्तन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। सुबह 10 बजे भगवान का श्रृंगार किया गया, जिसके लिए 30 मिनट तक दर्शन रोके गए। आरती के बाद श्रद्धालुओं को पुनः दर्शन की अनुमति दी गई। मंदिर के अंदर से लेकर बाहर सड़क तक महिलाओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए महिला और पुरुष पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मंदिर की ओर जाने वाले चार पहिया वाहनों को सूर्य होटल के पास रोका जा रहा है और उन्हें दूसरे रास्तों पर मोड़ा जा रहा है। रेलवे रोड से चौक की ओर आने वाले वाहनों को भी मंदिर से लगभग 500 मीटर पहले रोककर वैकल्पिक मार्गों से निकाला जा रहा है।

