बलिया में श्रावण की दूसरी सोमवारी पर भक्तों की भीड़:भोर से ही शिवालयों में जलाभिषेक, हर-हर महादेव के नारे गूंजे

बलिया में श्रावण की दूसरी सोमवारी पर भक्तों की भीड़:भोर से ही शिवालयों में जलाभिषेक, हर-हर महादेव के नारे गूंजे

श्रावण मास की दूसरी सोमवारी पर बलिया के शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ‘ऊं नमः शिवाय’ और ‘हर-हर महादेव’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न मंदिरों में भोर की पहली किरण फूटने से पहले ही श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधिवत पूजन-अर्चन किया और अपनी मनोकामनाएं मांगीं। कई मंदिरों को प्राकृतिक और कृत्रिम फूलों के साथ झालरों से सजाया गया था। मंदिर तक जाने वाले रास्तों पर भी विशेष सजावट की गई थी। जिला मुख्यालय स्थित बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए भोर से ही लंबी कतारें लग गईं। इसके अतिरिक्त, कारो स्थित कामेश्वर नाथ महादेव मंदिर, बांसडीह तहसील क्षेत्र के असेगा स्थित शोकहरण नाथ शिव मंदिर, अवनिनाथ महादेव मंदिर, लखनेश्वरडीह स्थित महादेव मंदिर, छितौनी में बाबा छितेश्वरनाथ शिव मंदिर, शोभनाथ धाम स्थित शिव मंदिर, रेवती में बुढ़वा शिव मंदिर और घोंघा स्थित सैदनाथ महादेव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में भी भक्तों का तांता लगा रहा। शिव भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सहायता दल के सदस्य तैनात थे। जिला प्रशासन द्वारा भी सुदृढ़ व्यवस्था की गई थी। बाबा बालेश्वर नाथ मंदिर में जलाभिषेक करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने मंदिर और प्रशासनिक व्यवस्था को संतोषजनक बताया। सोमवारी के अवसर पर मंदिरों में विभिन्न अनुष्ठान और पूजन अर्चन किए गए। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने अखंड दीप भी जलाए। बाबा बालेश्वरनाथ मंदिर, कैलाश धाम मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों के बाहर प्रसाद, फूल, बिल्वपत्र के अलावा भांग और धतूरे की दुकानें भी सजी थीं। भक्तों ने फल, फूल, बेलपत्र, भांग, धतूरा, धूप, दीप, नैवेद्य और अगरबत्ती से भोले शंकर की पूजा-अर्चना की।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *