विश्व आदिवासी दिवस पर रविवार को जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) के नेतृत्व में आदिवासी समाज ने इंदौर में एकजुटता और शक्ति का प्रदर्शन किया। सुबह 8 बजे लालबाग से निकली रैली रीजनल पार्क पहुंची। यहां मैदान में हजारों समाजजनों ने पारंपरिक वेशभूषा में विशाल सामूहिक नृत्य किया। इस दौरान आदिवासी संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली। जयस के राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकेश मुजाल्दा ने कहा कि जयस आने वाले पंचायत और विधानसभा चुनाव में अपने मजबूत प्रतिनिधि भेजेगा। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि युवाओं को नौकरियों में अधिक अवसर दिए जाएं और आदिवासियों को उनकी जमीन से बेदखल न किया जाए। ऐसा नहीं होने पर आदिवासी समाज सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगा। ट्राइबल सब-प्लान का शत-प्रतिशत बजट आदिवासी समुदाय पर खर्च करें अजाक्स के प्रांतीय महासचिव करण भगत ने मांग की कि ट्राइबल सब-प्लान का शत-प्रतिशत बजट केवल आदिवासी समुदाय के विकास पर खर्च किया जाए। जयस के प्रदेश अध्यक्ष पवन डावर ने कहा कि जब-जब आदिवासियों पर अत्याचार होगा, जयस उनके हकों की लड़ाई लड़ेगा।

