मैहर जिले के हरदासपुर अहिराटोला में रविवार को बिजली लाइन सुधारने गए एक लाइनमैन के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लाइनमैन के साथ झड़प होती दिख रही है। पुलिस के अनुसार, बेलदरा निवासी 26 वर्षीय नरेंद्र पटेल पहाड़ी सब स्टेशन में पिछले तीन वर्षों से लाइनमैन के रूप में कार्यरत हैं। यह घटना 9 अगस्त को हुई, जब वे जेई विवेकानंद द्विवेदी के निर्देश पर ग्राम हरदासपुर अहिराटोला में 11 केवी बिजली लाइन का जंफर काटने गए थे। नरेंद्र पटेल ने बताया कि इसी दौरान हरदासपुर निवासी विपिन सिंह ने उन्हें फोन कर अपने घर बुलाया। जब लाइनमैन वहां पहुंचा, तो विपिन सिंह ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विपिन ने अपने भाई अमित सिंह और अर्पित सिंह को भी बुला लिया। आरोप है कि तीनों भाइयों ने मिलकर नरेंद्र के साथ हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से मारपीट की। मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है। फरियादी ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उसे दोबारा बिजली लाइन सुधारने से मना किया गया और ऐसा करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इस हमले में नरेंद्र की हाथ की कोहनी, कमर और दोनों गालों पर चोटें आई हैं। पीड़ित ने घटना की जानकारी अपने जेई को दी और फिर कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अमित सिंह, विपिन सिंह और अर्पित के खिलाफ BNS की धारा 296(A), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। मारपीट की तस्वीरें…


