PM नरेंद्र मोदी पर युवती ने की आपत्तिजनक टिप्पणी, वायरल वीडियो के बाद मयूरी पुरोहित ने कहा- मैं माफी नहीं मांगूंगी

PM नरेंद्र मोदी पर युवती ने की आपत्तिजनक टिप्पणी, वायरल वीडियो के बाद मयूरी पुरोहित ने कहा- मैं माफी नहीं मांगूंगी

राजकोट। लंदन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के बाद राजकोट की मयूरी पुरोहित विवादों में आ गई हैं। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उन्हें लगातार निशाना बनाया जा रहा है। मयूरी ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग उन्हें पाकिस्तानी और मुस्लिम बताकर मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मयूरी की पहचान को लेकर कई तरह के दावे किए जा रहे हैं। कुछ लोगों ने उन्हें पाकिस्तान से जुड़ा बताया, जबकि मयूरी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए अपना पक्ष रखा है।

मयूरी ने उठाया सवाल

पीएम मोदी को ‘गुंडा’ कहने के सवाल पर मयूरी ने कहा कि उन्होंने कोई गाली या अपशब्द नहीं कहा, बल्कि सरकार के रवैये को लेकर ‘गुंडा’ शब्द का इस्तेमाल किया था। उनका कहना है कि सरकार ने छात्रों के साथ मारपीट की और छात्राओं के कपड़े फाड़े गए। इन घटनाओं के वीडियो देखकर वह कई बार रोई हैं। मयूरी ने कहा कि छात्रों के साथ ऐसी कार्रवाई को वह गुंडागर्दी मानती हैं, इसलिए उन्होंने पीएम मोदी के लिए ‘गुंडा’ शब्द का इस्तेमाल किया था। माफी मांगने के सवाल पर मयूरी ने कहा कि वह माफी नहीं मांगेंगी। उनका कहना है कि उनका बयान गुस्से में दिया गया था। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कई नेताओं को अलग-अलग नामों से संबोधित किया है, ऐसे में उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं होती।

लंदन में कार्यक्रम के दौरान टिप्पणी का वीडियो वायरल

मयूरी का जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, उसे 26 जुलाई 2026 को लंदन में हुए एक विरोध प्रदर्शन से जुड़ा बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ टिप्पणियों का दौर शुरू हो गया। विवाद बढ़ने के बाद मयूरी ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्हें सोशल मीडिया पर लगातार ट्रोल किया जा रहा है। उनका आरोप है कि कुछ लोग उन्हें पाकिस्तानी मुस्लिम बताकर मानसिक प्रताड़ना दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके बारे में गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

राजकोट की रहने वाली हैं मयूरी

बता दें कि मयूरी पुरोहित मूल रूप से विसावदर की रहने वाली हैं और फिलहाल राजकोट में रहती हैं। मयूरी बिजनस वूमन हैं और कार्य के सिलसिले में लंदन गईं थीं। कुछ दिन पहले दिल्ली में राहुल गांधी की मौजूदगी में हुए कांग्रेस के महिला सम्मेलन में भी वह शामिल हुई थीं। मयूरी ने हाल ही में राजकोट महानगरपालिका चुनाव में क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की बहन और कांग्रेस उम्मीदवार नयनाबा जडेजा के लिए प्रचार भी किया था। उनकी मां किरणबेन पुरोहित विसावदर नगरपालिका की अध्यक्ष रह चुकी हैं। वह तीन बार कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव जीतकर पार्षद भी रही थीं। उनके पिता पुरोहित विसावदर ब्रह्म समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *