मथुरा में सफाई मित्रों का सम्मान,’गंदगी छोड़ो आंदोलन’ का आह्वान:भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ पर नगर आयुक्त ने किया आह्वान

मथुरा में सफाई मित्रों का सम्मान,’गंदगी छोड़ो आंदोलन’ का आह्वान:भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ पर नगर आयुक्त ने किया आह्वान

मथुरा में भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ पर नगर निगम मथुरा-वृंदावन ने रविवार को दोपहर 12 बजे ‘गंदगी छोड़ो आंदोलन’ का आह्वान किया। इस अवसर पर शहर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों को सम्मानित करने के लिए सभी वार्डों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसका उद्देश्य स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ मथुरा-वृंदावन के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना था। नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता के प्रति समर्पित 10 सफाई मित्रों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इसी क्रम में वार्ड संख्या 49 डैंपियर नगर स्थित भगत सिंह पार्क में एक कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने वार्ड संख्या 49 और 35 में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले 50 सफाई मित्रों को सम्मानित किया। सम्मान स्वरूप सफाई मित्रों को साफा, पटका, ग्लव्स, मास्क और लड्डू वितरित किए गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में देशवासियों की एकजुटता का उदाहरण देते हुए शहर से गंदगी छोड़ने और स्वच्छता अपनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। नगर आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और गीले व सूखे कचरे को अलग-अलग रखें। उन्होंने सफाई मित्रों को शहर की स्वच्छता व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताया। ओजस्वी राज ने कहा कि सफाई मित्र प्रतिदिन विषम परिस्थितियों में निष्ठा और सेवाभाव से कार्य कर शहर को स्वच्छ रखने में योगदान दे रहे हैं। उनके सम्मान से मनोबल बढ़ने के साथ समाज में स्वच्छता का सकारात्मक संदेश भी जाता है। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, वार्ड 49 के पार्षद मनोज कुमार सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, सफाई मित्र और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *