पानीपत | बरसत रोड स्थित कृपाल आश्रम के पास एक कपड़े के गोदाम में घुसकर दर्जनों युवकों ने गोदाम मालिक व चचेरे भाई पर चाकू व पेचकस से जानलेवा हमला कर दिया। गोदाम में तोड़फोड़ कर दी। कार ठीक कराने को लेकर हुए मामूली विवाद की रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया। राणा माजरा निवासी दानिश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बरसत रोड पर उसका कपड़े का गोदाम है। 6 अगस्त की रात करीब 8 बजे वह और उसका चचेरा भाई नबील गोदाम पर मौजूद थे। इसी दौरान पड़ोसी ऑटो मोबाइल वर्कशॉप संचालक कर्मबीर, उसका साथी कंवरपाल (निवासी बबैल), उनके बेटे और 8-10 अन्य युवक हथियारों से लैस होकर गोदाम में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर कर्मबीर के बेटे रीनू ने उसकी छाती पर चाकू से वार कर दिया, जबकि दूसरे बेटे ने पेचकस से हमला किया। आरोपियों के पास लाठी-डंडे, गंडासी और चाकू थे। पूरी घटना गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित के अनुसार दिन में उसके चाचा गुलिस्तार की कर्मबीर के बेटे से गाड़ी ठीक कराने को लेकर कहासुनी हुई थी, इसी की रंजिश में हमला किया गया।


