CEO बोले-अब विदेशियों का आधार कार्ड नहीं बन पाएगा:फॉरेन इमिग्रेशन पोर्टल से लिंक हुआ सिस्टम, पासपोर्ट से खुलेगा राज

CEO बोले-अब विदेशियों का आधार कार्ड नहीं बन पाएगा:फॉरेन इमिग्रेशन पोर्टल से लिंक हुआ सिस्टम, पासपोर्ट से खुलेगा राज

आधार कार्ड जारी करने वाली संस्था (UIDAI) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) आईएएस सौरभ विजय ने बताया कि अब विदेशी नागरिकों का आधार कार्ड नहीं बन सकेगा। इसके लिए UIDAI को अब फॉरेन इमिग्रेशन पोर्टल (FIP) से लिंक कर दिया गया है। इससे हर व्यक्ति के पासपोर्ट की जानकारी भी आधार से जुड़ी रहेगी, जिससे गैर-भारतीय नागरिकों को आधार कार्ड जारी नहीं हो पाएगा। आईएएस सौरभ विजय ने शनिवार शाम को सीकर के फतेहपुर रोड स्थित पासपोर्ट बिल्डिंग में नए ‘आधार सेवा केंद्र’ का उद्घाटन किया। आईएएस सौरभ विजय ने बताया कि अब आधार कार्ड जारी करते समय डि-डुप्लीकेशन प्रोसेस के साथ-साथ पासपोर्ट और वीजा की वैधता से जुड़े दस्तावेजों की भी क्रॉस-चेकिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस नए केंद्र के खुलने से सीकर के लोगों को आधार से जुड़ी सभी सेवाएं जिला मुख्यालय पर ही मिल सकेंगी। इससे लोगों का समय और पैसा बचेगा, जिन्हें पहले जानकारी के अभाव में दिल्ली तक के चक्कर काटने पड़ते थे। उन्होंने लोगों में आधार को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया ताकि उनके भ्रम दूर हो सकें। बाल आधार को किया जाएगा प्रमोट उन्होंने कहा कि बाल आधार को विशेष रूप से प्रमोट किया जाएगा। अब बच्चे के जन्म के साथ ही माता-पिता में से किसी एक के बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन के जरिए बच्चे का आधार कार्ड जारी किया जा सकेगा। इसे बाद में बच्चे की उम्र 5 साल और फिर 15 साल होने पर अनिवार्य रूप से अपडेट कराना होगा। आज के समय में आधार की अनिवार्यता को देखते हुए हर व्यक्ति का इससे जुड़ना बेहद जरूरी है। भारत में दुनिया की सबसे एडवांस टेक्नोलॉजी सीईओ सौरभ विजय ने कहा कि यूनिक आईडी (आधार) के मामले में भारत के पास दुनिया की सबसे उन्नत तकनीक है। उन्होंने लोगों से अपने मोबाइल में ‘आधार ऐप’ इंस्टॉल रखने की अपील की, जिससे घर बैठे कई सेवाएं मिल सकें। कार्यक्रम की अध्यक्षता यूआईडीएआई (UIDAI) के राजस्थान हेड आशुतोष कुमार ने की। इस दौरान दिल्ली रीजन के डिप्टी डायरेक्टर जनरल (ITS) अविनाश अग्रवाल और डायरेक्टर कुमार उज्ज्वल भी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सीकर सेंटर के मैनेजर बिजेंद्र सिंह गोदारा ने बताया कि इस नए केंद्र पर यूआईडीएआई द्वारा निर्धारित न्यूनतम दरों पर सेवाएं दी जाएंगी और आधार से जुड़ी समस्याओं का जल्द से जल्द निस्तारण किया जाएगा। लोगों को जागरूक करने के लिए ग्रामीण इलाकों में विशेष अभियान भी चलाए जाएंगे। इस अवसर पर आईटी विभाग की असिस्टेंट डिप्टी डायरेक्टर प्रतिज्ञा सबरवाल, भूपाराम सुथार, महेश जांगिड़ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *